नई दिल्ली, 3फरवरी 2021

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज एक बार फिर बिना नाम लिए पीएम नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा कि क्यों कई तानाशाहों के नाम ऐसे हैं, जो M से शुरू होते हैं? राहुल के इस हमले के बाद बीजेपी नेता लगातार उनपर पलटवार कर रहे हैं। अब केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों को खुद कांग्रेस भी गंभीरता से नहीं लेती है। राहुल गांधी को इस तरह की टिप्पणी करने से पहले अपने भीतर झांककर देखना चाहिए। कुछ बोलने से पहले सोचें, तोमर ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल भूल गए होंगे कि मोतीलाल नेहरू का नाम भी M से ही शुरू होता है।

दरअसल, राहुल गांधी ने आज सुबह एक ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘क्यों कई तानाशाहों के नाम ऐसे हैं, जो M से शुरू होते हैं?’ इसी के साथ ही उन्होंने विश्व के कुछ तानाशाहों के नाम जैसे मार्कोस (Marcos), मुसोलिनी (Mussolini), मिलोसेवी (Milosevic), मुबारक (Mubarak), मोबुतु (Mobutu), मुशर्रफ (Musharraf) और माईकोम्बरो (Micombero) भी लिखें।

मालूम हो कि ट्वीट के जरिए लगातार राहुल गांधी मोदी सरकार को घेरने में लगे हैं, इससे पहले उन्होंने ट्वीट करके कहा था कि मोदी सरकार की उदासीनता और अहंकार ने 60 से अधिक किसानों की जान ले ली। किसानों के आंसू पोंछने के बजाय यह सरकार उन पर आंसू गैस के गोले छोड़ रही है, इस तरह की क्रूरता सांगगांठ वाले पूंजीपतियों के हितों को बढ़ावा देने के लिए है।