कोलकाता, 28 फरवरी 2021

केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता बाबुल सुप्रीयो को उनके द्वारा किये गए एक ट्वीट को लेकर कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। दरअसल बाबुल सुप्रियो ने तृणमूल कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनावों को लेकर जारी किये गए एक चुनावी नारे ‘बंगाल अपनी बेटी चाहता है’ पर चुटकी लेते हुए एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा, ‘बेटी पराया धन होती है।’ जिसको लेकर उनकी कड़ी आलोचना हो रही है। हालांकि बाद में उन्होंने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया।

क्या लिखा था ट्वीट में

बाबुल सुप्रीयो द्वारा पोस्ट किए गए ट्वीट में दिखाया गया है कि ममता बनर्जी हाथ में माइक लिए खड़ी है जो कह रही है, ‘मैं बंगाल की बेटी हूं।’ उनके नीचे केंद्रीय मंत्री अमित शाह की फोटो लगी हुई है जो हाथ जोड़कर कह रहे हैं, ‘बेटी पराया धन होती है, इस बार उसे विदा कर देंगे।’ सुप्रीयो ने ट्वीट में लिखा कि इस मीम को मौलिक रूप से भाजपा की आसनसोल इकाई ने पोस्ट किया था। मीम को शेयर करते हुए सुप्रीयो ने लिखा, ‘कर ही देंगे इस बार विदा।’

उनके इस ट्वीट के बाद सुप्रियो टीएमसी के समर्थकों के निशाने पर आ गए। महिला और बाल विकास मंत्री डॉ. शशि पांजा ने कहा, ‘मुझे इस देश में महिलाओं के मामलों की स्थिति के बारे में बहुत चिंता है अगर आप जैसे जनप्रतिनिधि इस तरह के विचारों का समर्थन करते हैं। मैं आश्चर्यचकित हूं कि भाजपा में कितना गहरा और व्यापक लिंगवाद चलता है।’ तीखी आलोचनाओं के बाद आखिरकार बाबुल सुप्रियो को अपना ट्वीट डिलीट करना पड़ा।