नई दिल्ली, 4 मार्च 2021

पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया जारी है। जिस वजह से वहां पर नेताओं में जुबानी जंग और ज्यादा तेज हो गई है। हाल ही में ममता सरकार को कई बड़े झटके लगे थे, जहां शुभेंदु अधिकारी, राजीब बनर्जी, जितेंद्र तिवारी समेत कई दिग्गज नेता टीएमसी का साथ छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। इसके बाद से बागी नेताओं ने सीएम ममता के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। अब टीएमसी के बागियों को पार्टी के विधायक हमीदुल रहमान ने धमकी दी है, जिस पर विवाद गर्मा गया। साथ ही इसके खिलाफ चुनाव आयोग में भी शिकायत की गई है।

एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी विधायक हमीदुल रहमान ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने कहा था कि जिसका नमक खाते हैं, उसे धोखा नहीं देते। चुनाव के बाद हम गद्दारों से मिलेंगे और उनके साथ खेल होगा। हम दोबारा से ममता दीदी को सीएम के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस महागठबंधन (कांग्रेस, लेफ्ट) को वोट देना, भाजपा को रास्ता देने के समान है। अपना वोट खराब मत करना। हर घर ने दीदी के विकास के विजन को महसूस किया है।

EC पहुंचे बीजेपी नेता

वैसे हमीदुल रहमान का ये बयान 2 मार्च का है, जो सोशल मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा। इस बयान की बीजेपी ने भी आलोचना की है। साथ ही बीजेपी नेताओं का एक दल नई दिल्ली स्थित चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचा। साथ ही इस बयान को आयोग के प्रकाश में लाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कब होंगे मतदान?

बंगाल में 27 मार्च, 1 अप्रैल, 6 अप्रैल, 17 अप्रैल, 22 अप्रैल, 26 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोट डालने के बाद 2 मई को वोटों की गिनती होगी। इस तरह से चुनाव की घोषणा होने से लेकर चुनाव प्रक्रिया पूरे होने तक कुल 66 दिन लग जाएंगे। हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव की तारीखों पर भी अंगुली उठा चुकी हैं। उसके मुताबिक बीजेपी के कहने पर चुनाव आयोग डेट रख रहा है।