मनीष कश्यप जन सुराज में शामिल, प्रशांत किशोर बोले – “ये यूट्यूबर नहीं, बिहार का बेटा है”

मनीष कश्यप जन सुराज में शामिल, प्रशांत किशोर बोले – “ये यूट्यूबर नहीं, बिहार का बेटा है”

द फ्रंट डेस्क | पटना, 7 जुलाई 2025

बिहार की राजनीति में एक नई हलचल देखने को मिली है। चर्चित यूट्यूबर और पूर्व बीजेपी नेता मनीष कश्यप अब जन सुराज पार्टी का हिस्सा बन गए हैं। सोमवार को पटना के ऐतिहासिक बापू सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर की मौजूदगी में मनीष कश्यप ने जन सुराज की सदस्यता ली।

इस मौके पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा,

“मनीष कश्यप जन सुराज के लिए कोई यूट्यूबर नहीं हैं, भाजपा के पूर्व नेता नहीं हैं… बल्कि बिहार का वो बेटा हैं जिसने अपने दम, अपने परिश्रम और अपनी सूझ-बूझ से अपनी पहचान बनाई है और अब वो बिहार के लिए कुछ करना चाहते हैं।”

जन सुराज में बड़ी भूमिका निभाएंगे मनीष

प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि,

“जन सुराज एक ऐसा मंच है जो हर उस युवा या व्यक्ति को अवसर देता है जो ईमानदारी से बिहार में बदलाव लाना चाहता है। मनीष यदि हमारे साथ जुड़े हैं तो हम उन्हें एक बड़ी भूमिका में देख रहे हैं।”

कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद युवाओं की भारी भीड़ और जोश ने यह संकेत भी दे दिया कि मनीष कश्यप अब केवल सोशल मीडिया की आवाज नहीं, बल्कि ग्राउंड पॉलिटिक्स में भी अपनी दस्तक देने को तैयार हैं।

BJP से इस्तीफा और जन सुराज की ओर रुख

गौरतलब है कि मनीष कश्यप ने 8 जून 2025 को फेसबुक लाइव के ज़रिए बीजेपी से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। इसके बाद से ही उनके जन सुराज से जुड़ने की अटकलें ज़ोर पकड़ने लगी थीं। सूत्रों की मानें तो मनीष कश्यप 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में चनपटिया सीट से जन सुराज के टिकट पर किस्मत आजमा सकते हैं, हालांकि इस पर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

“फिर से नया बिहार बनाएंगे हम” – मनीष कश्यप

जन सुराज में शामिल होने के बाद मनीष कश्यप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए लिखा:

“बुझी हुई आश जलाएंगे हम, घर-घर रोशनी पहुंचाएंगे हम,
पलायन का दर्द मिटाएंगे हम, फिर से नया बिहार बनाएंगे हम।”

उनके इस जोशीले संदेश से साफ है कि वे बिहार के युवाओं, किसानों और प्रवासी मजदूरों के मुद्दों को लेकर अब गंभीर राजनीति की राह पर चलना चाहते हैं।

Share post:

Popular

More like this
Related