टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचा इतिहास, तीसरी बार बना चैंपियन

टी20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर रचा इतिहास, तीसरी बार बना चैंपियन

The Front Desk, भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में इतिहास रच दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप का ताज अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत टी20 विश्व कप का खिताब सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाला पहला देश भी बन गया। इससे पहले भारत ने 2007 और 2024 में यह खिताब जीता था। भारत अब टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ट्रॉफी जीतने वाली टीम भी बन गया है। टीम इंडिया ने दो-दो बार खिताब जीतने वाली वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया।

संजू सैमसन की तूफानी पारी से बना विशाल स्कोर

फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत शानदार रही। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 21 गेंदों में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रन बनाए। इसके बाद संजू सैमसन ने पारी को संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंत तक आक्रामक खेल दिखाया। संजू सैमसन शतक से जरूर चूक गए, लेकिन उन्होंने 46 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 89 रनों की शानदार पारी खेली। यह टी20 विश्व कप फाइनल में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने 2016 में मार्लन सैमुअल्स और 2021 में केन विलियमसन के 85 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंदों में 54 रन बनाए। दूसरे विकेट के लिए संजू और ईशान के बीच 105 रनों की अहम साझेदारी हुई। हालांकि 16वें ओवर में भारत ने लगातार तीन विकेट गंवाए और पारी थोड़ी लड़खड़ा गई। जेम्स नीशम ने संजू सैमसन, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव को आउट कर न्यूजीलैंड को कुछ राहत दिलाई। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने तेज बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ आठ गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन बनाए।

भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 255 रन बनाए, जो टी20 विश्व कप फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।

गेंदबाजों का कहर, न्यूजीलैंड ढेर

256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलन को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने रचिन रविंद्र को पवेलियन भेज दिया। टिम सिफर्ट ने जरूर तेज बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 52 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से विकेट लगातार गिरते रहे। अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स को आउट कर भारत की पकड़ मजबूत की। 72 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए लगातार विकेट चटकाए। उन्होंने चार विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने तीन विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती ने भी अहम विकेट हासिल किया। पूरी कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और भारत ने 96 रनों से शानदार जीत दर्ज की।

टूर्नामेंट के सितारे

जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती टी20 विश्व कप 2026 में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। दोनों ने टूर्नामेंट में 14-14 विकेट हासिल किए। वहीं बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे।

संक्षिप्त स्कोर

भारत: 20 ओवर में 255/5
संजू सैमसन 89, ईशान किशन 54, अभिषेक शर्मा 52
जेम्स नीशम 3/46

न्यूजीलैंड: 19 ओवर में 159 ऑलआउट
टिम सिफर्ट 52, मिचेल सैंटनर 43
जसप्रीत बुमराह 4/15, अक्षर पटेल 3 विकेट

भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 विश्व कप 2026 का खिताब अपने नाम किया।

Share post:

Popular

More like this
Related