नई दिल्‍ली, 23 मई 2021

नए कृषि कानूनों लेकर लंबे समय से धरने पर बैठे किसानों को विपक्षी दलों ने एक बार फिर समर्थन दिया है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस सहित 12 बड़ी विपक्षी पार्टियों ने संयुक्‍त किसान मोर्चा के ताजा फैसले का समर्थन किया है। आपको बता दें कि कोरोना संकट के बीच किसान मोर्चा 26 मई को देश भर में प्रदर्शन करने की बात कह रही है। इस दिन किसान आंदोलन को 6 महीने पूरे हो रहे हैं। 12 विपक्षी दलों की तरफ से किसान मोर्चा के समर्थन में बयान जारी किया गया है। इस बयान में उस पत्र का भी जिक्र है जो 12 मई को लिखा गया था।

इस पत्र में कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की गई थी। इस पत्र में कहा गया था कि कृषि कानूनों को वापस लिया जाना चाहिए। इससे किसान दिल्‍ली की सीमाओं को छोड़कर वापस चले जाएंगे और लाखों किसान जानलेवा महामारी के शिकार होने से बच जाएंगे।

ये हैं वो 12 पार्टियां जिन्‍होंने दिया है समर्थन

  1. सोनिया गांधी (कांग्रेस)
  2. एचडी देवेगौड़ा (जद-एस)
  3. शरद पवार (एनसीपी)
  4. ममता बनर्जी (टीएमसी)
  5. उद्धव ठाकरे (शिव सेना)
  6. एमके स्टालिन (डीएमके)
  7. हेमंत सोरेन (झामुमो)
  8. फारूक अब्दुल्ला (JKPA)
  9. अखिलेश यादव (समाजवादी पार्टी)
  10. तेजस्वी यादव (RJD)
  11. डी राजा (सीपीआई)
  12. सीताराम येचुरी (CPI-M)