
चंडीगढ़, 9 मार्च 2021
कृषि कानून एवं किसानी के मुद्दे पर कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा में भाजपा-जजपा सरकार के खिलाफ “अविश्वास प्रस्ताव” की तैयारी की है। आज कांग्रेस विधायक दल के नेता भारत भूषण बत्रा ने अपनी पार्टी के विधायकों को व्हिप जारी करते हुए सदन में उपस्थित रहने के लिए कहा है। कांग्रेस यह अविश्वास प्रस्ताव 10 मार्च को यानी कि कल सदन में ला रही है। ऐसे में कांग्रेस की आलाकमान ने अपने विधायकों को अपनी पार्टी का साथ देने के लिए कहा है। विधायकों से कहा जा रहा है कि, वे “सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव” का समर्थन करने के लिए सदन में मौजूद रहें।
इधर, हरियाणा में सत्तासीन भाजपा की सहयोगी जननायक जनता पार्टी (जजपा) ने भी अपने विधायकों को एकजुट रहने के लिए कहा है। जजपा आलाकमान द्वारा अपने विधायकों को कल सदन में उपस्थित होने और “अविश्वास प्रस्ताव” के खिलाफ सरकार के रुख का समर्थन करने के लिए कहा है। जजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि, कांग्रेस जो “अविश्वास प्रस्ताव” ला रही है, हमें उसके खिलाफ रहना है और अपनी सरकार का साथ देना हैl
इसकी खबर बजट सत्र शुरू होने से पहले से थी कि, आगामी बजट सत्र में कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी की गई हैं। कांग्रेस किसान आंदोलन के समर्थन में आवाज उठाती रही है और वह कृषि कानूनों के खिलाफ भी है। ऐसे में बजट सत्र के दौरान इस मुद्दे पर बड़ी बहस हो सकती है।







