गोपाल खेमका हत्याकांड: अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता अशोक साव और शूटर उमेश यादव पुलिस के कब्जे में

पटना। बिहार की राजधानी पटना में हुए चर्चित व्यापारी और बीजेपी नेता गोपाल खेमका हत्याकांड की गुत्थी तेजी से सुलझ रही है। इस सनसनीखेज मामले में अब तक पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक शूटर विकास उर्फ राजा को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। इस पूरे मामले में कारोबारी प्रतिस्पर्धा और पुरानी रंजिश को हत्याकांड की वजह बताया जा रहा है।

पटना पुलिस ने सोमवार को STF के सहयोग से मुख्य शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उमेश ने खुलासा किया कि उसे 10 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी, जिसमें एक लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे।

इसके बाद मंगलवार को मुख्य साजिशकर्ता और आयरन ट्रेडर अशोक साव को भी पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस का कहना है कि अशोक साव ने खेमका को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि खेमका के साथ कारोबार और निजी रंजिश की वजह से यह कदम उठाया गया।

इससे पहले रविवार रात पटना पुलिस ने फरार शूटर विकास उर्फ राजा को एक मुठभेड़ में मार गिराया था। राजा पर आरोप था कि उसने हत्याकांड के लिए हथियार मुहैया कराए थे और पूरी योजना में अहम भूमिका निभाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीन और संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं से पर्दा उठ जाएगा।

आपको बता दें व्यापारी गोपाल खेमका की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया था। खेमका बीजेपी से जुड़े थे और उनका पटना के व्यापारिक समुदाय में अच्छा प्रभाव था। हत्या के बाद से ही यह मामला सियासी और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा में रहा।

पटना पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा और इस केस को स्पीडी ट्रायल के जरिए फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।

Share post:

Popular

More like this
Related