
नई दिल्ली, 22 अप्रैल 2021
इन दिनों भारत में कोरोना वायरस महामारी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। अस्पताल में मजीरों को भर्ती करने के लिए बेड नहीं है, वहीं पीड़ित के परिजनों को खुद ऑक्सीजन का इंतजाम करना पड़ रहा है। कोरोना का कहर इस कदर बेकाबू हो गया है कि सोशल मीडिया पर भी चुटीले फोटो, मजेदार मीम्स या राजनीतिक चुटकुलों वाले पोस्ट की जगह अब सिर्फ मदद की गुहार लगाते संदेश ही आ रहे हैं।
सोशल मीडिया पर पसरी बेबसी
व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और ट्विटर के अलावा इंटरनेट पर कई अन्य प्लेटफॉर्म पर लोग अपनों की जान बचाने के लिए लोगों के मदद की अपील कर रहे हैं। आपको को भी ऐसे कई संदेश मिले होंगे जिसमें आपके किसी जानकार या अन्य ने कोरोना काल में मदद की गुहार लगाई होगी। हालात इतने खराब हो गए हैं कि कोरोना की दूसरी लहर में श्मशान घाट में भी दाह संस्कार के लिए जगह नहीं बची है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई पोस्ट देखे गए जिसमें लोग अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, दवाई और कोविड टेस्ट कराने में मदद मांगते नजर आए।
‘अब नहीं झेल सकता’
सोशल मीडिया पर फैली बेबसी को देख कई लोग जल्द से जल्द इस बुरे दौर से बाहर निकलना चाहते हैं। एक यूजर ने लिखा, मेरा मस्तिष्क अब और सोशल मीडिया के ओवरलोड को नहीं झेल सकता। दिल्ली स्थित 20 वर्षीय लॉ स्टूडेंट ने कहा, ‘मैं उस पर प्रतिक्रिया नहीं कर सकता जो मैं पढ़ रहा हूं, मैं सुन्न हो गया हूं।’ ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और टेलीग्राम सभी प्लेटफॉर्म पर चिंतित और परेशान लोगों के मैसेज आर रहे हैं। यहां तक की बुजुर्गों के लिए भोजन का इंतजाम करने तक की गुहार वाले पोस्ट देखे गए।
देश में मचा कोरोना का तंडव
गौरतलब है कि देश में कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 3,14,835 नए केस सामने आए हैं, नए केसों के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या 1,59,30,965 हो गई है तो वहीं 24 घंटे के अंदर कोरोना 2,104 लोगों ने दम तोड़ा है, जिसके बाद मौत का आंकड़ा 1,84,657 पहुंच गया है, भारत में अब एक्टिव केस 22,91,428 हैं।







