
कोलकाता, 4 फरवरी 2021
पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। जैसे-जैसे चुनाव की तारीखें नजदीक आ रही हैं नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी टीएमसी के कुछ गद्दारों को साथ लेकर बंगाल जीतने का फॉर्मूला इस्तेमाल कर रही है।
ममता ने आगे कहा कि जो लोग बीजेपी में जा रहे हैं उन्हें याद रखना चाहिए कि वे एक दंगाई पार्टी में जा रहे हैं। मैं बताना चाहती हूं कि ये सभी अवैध ढंग से कमाए पैसे को और खुद को सुरक्षित रखने के लिए इस तरह के कदम उठा रहे हैं। भाजपा में गए राज्य मंत्री राजीव बनर्जी का नाम लिए बगैर ममता बनर्जी ने कहा कि उनके कार्यकाल में वन विभाग में हुई वन-सहायकों की नियुक्ति में धांधली हुई हैं। ऐसे ही भ्रष्ट नेता भाजपा में जा रहे हैं। इनकी दुकान चुनाव बाद बंद हो जाएगी।







