
देहरादून, 29 अगस्त 2021
उत्तराखंड में कोरोना जांच तय लक्ष्य से 62 प्रतिशत कम हो रही है। सरकार ने प्रति दिन चालीस हजार सैंपलों की जांच का लक्ष्य रखा था लेकिन मौजूदा समय में एक दिन में 15 हजार के करीब सैंपलों की जांच ही हो पा रही है। विदित है कि देश के कई राज्यों में एक बार फिर कोरोना के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। लेकिन राज्य का स्वास्थ्य विभाग फिर भी नहीं चेत रहा है। एसडीसी फाउंडेशन की ओर से जारी रिपोर्ट में चिंता जताते हुए कहा कि उत्तराखंड में लगातार कोविड जांच कम हो रही है।
हैरानी की बात है कि सरकार की ओर से खुद तय किए गए जांच के लक्ष्य से भी काफी कम जांच की जा रही है। पिछले पांच सप्ताह से राज्य में कोरोना जांच की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। एसडीसी फाउंडेशन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में लगातार जांच कम हो रही है। फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल ने कहा कि कोरोना काल के 72 वें सप्ताह के दौरान 25 से 31 जुलाई तक राज्य में प्रति सप्ताह एक लाख 33 हजार के करीब सैंपलों की जांच हो रही थी।
73 वें सप्ताह के दौरान यह आंकड़ा एक लाख 68 हजार, 74 वें सप्ताह के दौरान एक लाख 41 हजार, 75 सप्ताह के दौरान एक लाख 15 हजार और रविवार को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान एक लाख छह हजार के करीब ही सैंपलों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोविड सैंपलों की जांच में इस कदर गिरावट ठीक नहीं है और इससे राज्य को आगे चलकर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।







