लखनऊ, 26 जुलाई 2021

भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है. सोमवार को लखनऊ (Lucknow) पहुंचे टिकैत ने एक बार फिर दोहराया कि नए कृषि कानूनों (Farm Laws) के वापस होने तक आंदोलन जारी रहेगा. योगी सरकार (Yogi Government) सही से काम करे, वरना लखनऊ को भी दिल्ली बनाया जाएगा. दिल्ली की तर्ज पर लखनऊ को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आंदोलनों का प्रदेश रहा है. किसानों का बड़े स्तर पर नुकसान हो रहा है. बीते चार साल में गन्ने का मूल्य एक रुपया भी नहीं बढ़ा है. पूरे देश मे सबसे अधिक महंगी बिजली यूपी में मिल रही है. उन्होंने कहा कि गुजरात की तर्ज पर उत्तर प्रदेश पुलिस स्टेट बन रहा है.

टिकैत ने कहा कि आठ माह के संघर्ष के बाद अब किसान यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत पूरे देश में जाएंगे. पांच सितंबर को मुजफ्फरनगर में बड़ी पंचायत कर आंदोलन की शुरुआत करेंगे. उन्होंने कहा कि कैमरा, कलम और किसान पर लगे प्रतिबंध हटाने होंगे. हम नेता मुक्ति आंदोलन भी चलाएंगे.

‘सारे सांसद ट्रैक्टर पर जाएंगे, हम ट्रैक्टर को टैंक कहेंगे’

सोमवार को कृषि कानूनों के विरोध में राहुल गांधी के ट्रैक्टर चलाकर संसद जाने पर बीकेयू नेता ने कहा कि सारे सांसद भी ट्रैक्टर पर जाएंगे. उन्होंने कहा कि हम ट्रैक्टर को टैंक कहेंगे, कोई उसके आगे पीछे आयेगा तो.. ट्रैक्टर बंजर जमीन को खोदता है. हम अपने ट्रैक्टर को टैंक कहेंगे किसी को सिरदर्दी है क्या?

टिकैत ने कहा कि पूरी दुनिया का किसान ट्रैक्टर पर आंदोलन करेगा. अगर किसान का बेटा विदेश में कमा रहा है, यदि वो सौ डॉलर भेज देता है, तो क्या वो विदेशी फंडिंग है?