
कोलकाता, 6 मार्च 2021
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद से राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। इस बीच शनिवार को पशु तस्करी के मामले में सीबीआई ने टीएमसी नेता विनय मिश्रा के भाई विजय मिश्रा के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया। विजय ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के काफी करीबी बताए जाते हैं। इसके अलावा जांच एजेंसी मिश्रा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए इंटरपोल से भी संपर्क करने पर विचार कर रही है, क्योंकि वो जांच में शामिल नहीं हुए।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस के दो वरिष्ठ अधिकारियों (एक महानिरीक्षक और एक पुलिस अधीक्षक) को पूछताछ के लिए सोमवार को बुलाया है। इससे पहले पिछले महीने एजेंसी ने पशु तस्करी मामले में दायर अपनी पूरक चार्जशीट में विनय मिश्रा को सह अभियुक्त के रूप में नामित किया था। साथ ही आसनसोल में स्थित विशेष सीबीआई कोर्ट को बताया कि विनय मिश्रा फरार है।
क्या है मामला?
सीबीआई की कोलकाता शाखा ने 21 सितंबर को भारत-बांग्लादेश सीमा पर पशु तस्करी के मामले में FIR दर्ज की थी। इसके बाद 18 फरवरी को एजेंसी ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर संचालित एक पशु-तस्करी रैकेट में संलिप्तता के लिए सीमा सुरक्षा बल (BSF) कमांडेंट सतीश कुमार और छह अन्य के खिलाफ मामले में आरोप पत्र दायर किया था। बाद में इस मामले में टीएमसी नेताओं के भी नाम सामने आए। इसके अलावा हाल ही में सीबीआई ने अवैध खनन के मामले में अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी और भाभी मेनका से पूछताछ की थी।







