अमेरिका में हाहाकार! हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित,1,800 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द, लाखों यात्री फंसे,जानिए इस संकट के पीछे की पूरी वजह

अमेरिका में पीक ट्रैवल सीजन के बीच भीषण सर्दी और बर्फीले तूफान ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। देश के कई हिस्सों में खराब मौसम के चलते 1,800 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ी हैं, जबकि 22 हजार से अधिक उड़ानें देरी का शिकार हुईं। छुट्टियों में सफर कर रहे लाखों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

FlightAware का डेटा क्या कहता है

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightAware के मुताबिक, शुक्रवार शाम 4:04 बजे (ईटी) तक पूरे अमेरिका में 1,802 उड़ानें रद्द की गईं और 22,349 से अधिक फ्लाइट्स लेट रहीं। खराब मौसम के कारण एयरलाइंस को बड़े पैमाने पर ऑपरेशन प्रभावित करना पड़ा।

ग्रेट लेक्स से नॉर्थईस्ट तक मौसम का कहर

खतरनाक मौसम ग्रेट लेक्स से लेकर नॉर्थईस्ट अमेरिका तक फैल गया है। नेशनल वेदर सर्विस ने ‘विंटर स्टॉर्म डेविन’ को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, ग्रेट लेक्स, उत्तरी मिड-अटलांटिक और दक्षिणी न्यू इंग्लैंड में शनिवार सुबह तक यात्रा बेहद जोखिम भरी रह सकती है।

न्यूयॉर्क सिटी और लॉन्ग आइलैंड अलर्ट पर

NWS के स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर के अनुसार, अपस्टेट न्यूयॉर्क से लेकर न्यूयॉर्क सिटी और लॉन्ग आइलैंड तक 4 से 8 इंच बर्फबारी की आशंका है। कई इलाकों में मोटी बर्फ जमने से सड़कें और रनवे फिसलन भरे हो गए हैं, जिससे उड़ानों पर सीधा असर पड़ा है।

बड़े एयरपोर्ट्स पर सबसे ज्यादा असर

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉन एफ. कैनेडी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ला गार्डिया एयरपोर्ट और डेट्रॉइट मेट्रोपॉलिटन वेन काउंटी एयरपोर्ट जैसे प्रमुख हवाई अड्डों ने यात्रियों को संभावित देरी और कैंसलेशन को लेकर अलर्ट जारी किया है।

कौन-सी एयरलाइंस सबसे ज्यादा प्रभावित

खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर जेटब्लू एयरवेज पर पड़ा, जिसने 225 उड़ानें रद्द कीं। इसके बाद डेल्टा एयरलाइंस की 186, रिपब्लिक एयरवेज की 155, अमेरिकन एयरलाइंस की 96 और यूनाइटेड एयरलाइंस की 82 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं। नॉर्थईस्ट के कई राज्यों में 9 इंच तक बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है।

पश्चिमी अमेरिका में भी हालात गंभीर

सिर्फ पूर्वी अमेरिका ही नहीं, बल्कि पश्चिमी हिस्सों में भी मौसम ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कैलिफोर्निया के मोनो काउंटी में 8,000 फीट से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में 1 से 3 फीट तक बर्फबारी का अनुमान है, जबकि निचले इलाकों में 4 से 12 इंच तक बर्फ गिर सकती है।

यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती

ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अमेरिकन ऑटोमोबाइल एसोसिएशन (AAA) ने पहले ही अनुमान जताया था कि 20 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच रिकॉर्ड संख्या में अमेरिकी लंबी दूरी की यात्रा करेंगे। ऐसे में यह खराब मौसम यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है और आने वाले दिनों में भी हवाई यात्रा पर असर बने रहने की आशंका है।

Share post:

Popular

More like this
Related