कोलकाता, 1फरवरी 2021

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को देश का आम बजट लोकसभा में पेश किया। बजट में हालांकि निर्मला सीतारमण ने कृषि, रेलवे, बैंकिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर तक कई बड़े ऐलान किए, लेकिन इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल पर कृषि सेस भी लगा दिया गया है। इससे पहले बजट भाषण शुरू होते ही संसद में जबरदस्त हंगामा देखने को मिला और विपक्ष ने कृषि कानूनों के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी बजट को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला है।

बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘केंद्र सरकार का यह बजट पूरी तरह से एक जन-विरोधी बजट है। ये सरकार हमेशा झूठे दावे करती है। भारत के पहले पेपरलेस बजट ने लगभग हर सेक्टर को बेच दिया। बजट में असंगठित सेक्टर के लिए कोई घोषणा नहीं की गई।’ वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर ममता बनर्जी ने कहा, ‘चिंता करने की कोई बात नहीं है, पश्चिम बंगाल में एक बार फिर मां, माटी, मानुष की सरकार आ रही है। भाजपा एक गैस का गुब्बारा है।’

पेट्रोल-डीजल पर सेस को लेकर ममता ने साधा निशाना

साथ ही किसानों के मुद्दे पर मोदी सरकार को घेरते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘सरकार ने बजट में किसानों के हित को लेकर कोई ऐलान नहीं किया, बल्कि डीजल और पेट्रोल पर सेस लगा दिया।’ आपको बता दें कि अपने बजट भाषण में पेट्रोल-डीजल पर सेस लगाने की घोषणा करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि सेस लगाने से आम लोगों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सीतारमण ने बताया कि कई अन्य टैक्स कम कर दिए गए हैं, इसलिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर इस सेस का प्रभाव नहीं पड़ेगा।