टिहरी, 30 सितम्बर 2021

डैम की झील के पास कथित तौर पर अवैध तरीके से बनाई गई मस्जिद के मामले में गुरुवार को एक बड़ा मोड़ देखा जा रहा है. आपसी सहमति के चलते इस मस्जिद को सांप्रदायिक सद्भाव के नज़रिये से शिफ्ट किए जाने की कवायद शुरू कर दी गई है. मस्जिद से सामान और टीनशेड स्ट्रक्चर आदि को हटाया जा रहा है, जिसकी तस्वीरें भी सामने आ रही हैं. ज़िला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच में आपस की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया है,

हालांकि अभी यह मामला अल्पसंख्यक आयोग में विचाराधीन है. आयोग के फैसले के बाद ही मस्जिद को पूरी तरह हटाने या बनाए रखने के बारे में निर्णय होगा.

प्रशासन ओर मस्जिद कमेटी के बीच आपसी सहमति के आधार पर हुए निर्णय के अनुसार मस्जिद को बौराडी शिफ्ट किया जा रहा है. साल 2001 में बनी इस मस्जिद के बारे में कहा जाता है कि यह अवैध तरीके से ज़मीन पर कब्ज़ा करके बनाई गई. इस मस्जिद के कारण डैम की सुरक्षा को लेकर लगातार हिंदू संगठनों द्वारा मस्जिद को शिफ्ट किए जाने की मांग की जा रही थी. इस मांग को लेकर कई बार उग्र आंदोलन भी हो चुके हैं.

अल्पसंख्यक आयोग में है मामला विचाराधीन

इस मामले को मस्जिद कमेटी अल्पसंख्यक आयोग में भी ले जा चुकी है और अभी मामला अल्प संख्यक आयोग में पेंडिंग है. लेकिन मस्जिद कमेटी द्वारा इसे आज शिफ्ट करने के बारे में खांडवाला मस्जिद कमेटी के प्रमुख मोहम्मद उसलाम ने कहा कि देशहित और सांप्रदायिक सद्भावना को बरकरार रखने के मकसद से यह शिफ्टिंग का रास्ता खोजा गया है. वहीं, हिंदू संगठनों के प्रमोद उनियाल और अक्षत बिजलवान ने इस कवायद को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण करार दिया और कहा कि अल्पसंख्यक आयोग के फैसले के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा.