देहरादून, 22 सितम्बर 2021

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिये केंद्रीय एविएशन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ मंगलवार को बातचीत की. इस मीटिंग में दोनों नेताओं ने कई अहम प्रोजेक्ट को लेकर बात की. इस बातचीत के दौरान यह तय हुआ कि सिंधिया 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री धामी के साथ देहरादून के जौलीग्रांट में बने नये टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे. हेली समिट के दौरान देहरादून-पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर-देहरादून हवाई सेवा का फ्लैग ऑफ भी किया जाएगा. यह सेवा पवनहंस द्वारा दी जाएगी तो देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा को भी जल्द मंज़ूरी दिए जाने की बात कही गई.

सिंधिया ने कहा कि उत्तराखंड में उड़ानों के तहत देहरादून-श्रीनगर-देहरादून, देहरादून-गौचर-देहरादून, हल्द्वानी-हरिद्वार-हल्द्वानी, पंतनगर-पिथौरागढ़-पंतनगर, चिन्यालीसौड़-सहस्त्रधारा-चिन्यालीयौड़, गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर, हल्द्वानी-धारचूला-हल्द्वानी तथा गौचर-सहस्त्रधारा-गौचर हेली सेवाओं को स्वीकृति प्रदान की गई. उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के लिए जो 13 हेलीपोर्ट चिह्नित किए गए हैं, उनमें से 11 की डीपीआर तैयार हो चुकी है. मसूरी हेलीपोर्ट की डीपीआर भी जल्द तैयार होगी.

सिंधिया ने कहा, वैट घटाया जाए
जौलीग्रांट एयरपोर्ट से शहरों की कनेक्टिविटी और बढ़ाई जाएगी, वहीं पंतनगर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की कार्यवाही में और तेजी लाए जाने की बात भी हुई. सिंधिया ने सुझाव दिया कि उत्तराखंड में वैट के चार्जेज़ एटीएफ पर अधिक हैं, इन्हें कम किया जाए तो राज्य में एयर कनेक्टिविटी और तेज़ी से बढ़ेगी. राजस्व में भी वृद्धि होगी. सीएम धामी ने इन सौगातों के लिए सिंधिया का आभार माना.

सीएम ने हेली सेवा को बताया मील का पत्थर
सीएम धामी ने देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा की स्वीकृति पर कहा कि यह सेवा सीमान्त क्षेत्र पिथौरागढ़ के विकास के लिए यह मील का पत्थर साबित होगी. इस हेली सेवा की मांग मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से पहले भी की थी. धामी ने बताया कि राज्य में चिह्नित 13 हेलीपोर्ट में से 8 के लिए टेंडर प्रक्रिया गतिमान है, जो 20 अक्टूबर तक पूरी हो जाएगी.