नई दिल्ली, 29 मई 2021

एबीपी-सी वोटर मोदी 2.0 रिपोर्ट कार्ड के अनुसार, जहां विपक्षी दल केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा परियोजना का विरोध कर रहे हैं, वहीं लगभग 41 फीसदी लोगों ने कोविड संकट के दौरान परियोजना को शुरू करने और जारी रखने के सरकार के फैसले का समर्थन किया है। एबीपी-सी वोटर सर्वे के मुताबिक, 41.8 फीसदी लोगों का मानना है कि कोरोना काल में सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को शुरू करने और जारी रखने का नरेंद्र मोदी सरकार का फैसला सही था।

सर्वेक्षण में कहा है गया है कि शहरी क्षेत्रों में 48.5 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले 38.9 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कोरोनाकाल में सेंट्रल विस्टा परियोजना के साथ आगे बढ़ने के सरकार के फैसले को सही बताया।

दूसरी ओर, 33.9 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने कहा कि कोविड संकट के बीच परियोजना को आगे बढ़ाना सरकार की ओर से सही नहीं था।

सर्वेक्षण में कहा गया है कि शहरी क्षेत्रों में 29.5 प्रतिशत और ग्रामीण क्षेत्रों में 35.7 प्रतिशत लोगों को लगता है कि यह एक अच्छा निर्णय नहीं था, जबकि कुल 24.4 प्रतिशत लोगों ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करना उचित नहीं समझा। यह सर्वे 23 मई से 27 मई के बीच देशभर में 12,070 लोगों पर किया गया था।

विपक्षी दलों ने सेंट्रल विस्टा परियोजना की आलोचना करते हुए कहा है कि कोरोना महामारी के दौर में इसे जारी रखना सही नहीं था, जहां कई लोग हॉस्पिटल बेड, वैक्सीन, ऑक्सीजन सिलेंडर और दवाइयों को लेकर शिकायत कर रहे थे।