
हल्द्वानी, 31 जुलाई 2021
पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी की अगुवाई में शनिवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र में अधूरे विकास कार्यों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बुद्ध पार्क में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि कांग्रेस शासन काल में योजनाओं का शासनादेश जारी हुआ था जिसके बाद से वर्तमान सरकार ने इन योजनाओं पर अमल ही नहीं किया। पूर्व विधायक भंडारी ने कहा कि भीमताल विकासखंड के हैड़ाखान में आईटीआई बनाने, विकासखंड ओखलकांडा के ढोलीगांव के वारीकटना में आईटीआई बनाने, भीड़ापानी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने, धारी में इंजीनियरिंग कॉलेज बनाने, रामगढ़ में उप तहसील बनाने, रामगढ़ में डिग्री कॉलेज बनाने का शासनादेश 2015-16 में तत्कालीन सरकार ने जारी किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर इन योजनाओं का संज्ञान न लिया तो वह जनता के साथ तहसील परिसर खनस्यूं में आमरण अनशन करेंगे। प्रदर्शन में दीवान सिंह मटियाली, केडी रुवाली, विजय बोरा, कुंवर मटियाली, सुंदर बर्गली, चंदन मेहता, सोबन सिंह चिलवाल, योगेश चिलवाल, प्रदीप चिलवाल, मदन गौनिया, कुंदन नयाल, राहुल चिलवाल, सुंदर नगदली, मुकेश परगांई आदि मौजूद रहे।







