लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विकास कार्यों को सपा सरकार के समय का बताने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर विधानसभा में तंज किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष बस यही कहना भूल गया था कि चंद्रयान का निर्माण भी सैफई में हुआ था। जाति के नाम पर प्रदेश में परिवारवाद की अराजकता पैदा करने वाले इन लोगों के कारनामे किसी से छिपे नहीं है। अटल जी ने कहा था, ‘आदमी ना ऊंचा होता है ना नीचा होता है ना बड़ा होता है ना छोटा होता है। आदमी सिर्फ आदमी होता है। यह समझ जाते तो विपक्ष में न होते।
सीएम ने कहा कि सपा के समय जो प्रदेश में थे, वे भी भागना चाहते थे। आज देश दुनिया का हर उद्यमी यूपी आना चाहता है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 में 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले। ये जमीन पर उतरेंगे तो 1.10 करोड़ नौकरी मिलेगी। यहां के नौजवानों को कहीं और नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि दुनिया के लोग यहां नौकरी के लिए आएंगे।
विरासत की नहीं, कब्रिस्तान की थी चिंता
योगी ने कहा कि 2017 के पहले की सरकार को विरासत और मान बिंदुओं के विकास की चिंता नहीं थी। उन्हें कब्रिस्तान की चिंता थी। आज यूपी घरेलू पर्यटन में नंबर एक है। नेता प्रतिपक्ष स्मार्ट सिटी की चर्चा कर रहे थे। इनके समय प्रदेश के शहर गंदगी के पर्याय थे। मेट्रो और आरआरटीएस एक सपना था।
रैपिड रेल के लिए सपा सरकार ने NOC नहीं जारी की। सेफ सिटी इनके लिए एक सपना था। आज यूपी के 18 शहर सेफ सिटी घोषित होने वाले हैं। पहले स्वास्थ्य सेवाओं में अराजकता की स्थिति थी। उस दौरान न दवा थी और न डॉक्टर थे। आज उसे काफी हद तक लाइनअप करने का कार्य हुआ है। सभी रिफॉर्म के परिणाम तेजी से सामने आएंगे। सीएम ने काका हाथरसी, रामधारी सिंह दिनकर की कविताओं के जरिए भी विपक्ष पर कटाक्ष किया।




