व्हाइट हाउस में UAE के खिलाफ क्या चाल चल आया सऊदी?

अमेरिका यात्रा पर गए सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जहां रियाद के लिए कई बड़े समझौते हासिल किए, वहीं उन्होंने अपनी इस विजिट में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ एक अहम दांव भी चला दिया। व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के दौरान बिन सलमान ने सूडान के गृह युद्ध को रोकने का मुद्दा उठाया और इसमें अमेरिका को दखल देने की अपील की। ट्रंप ने भी इस पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि सऊदी की मांग पर वे जंग रोकने की कोशिश करेंगे।

अगर सूडान में संघर्ष थम जाता है, तो इसका सबसे बड़ा नुकसान यूएई को होगा, क्योंकि अब तक इस गृह युद्ध का सबसे ज्यादा फायदा उसे ही मिलता रहा है।

यूएई को क्यों पड़ेगा झटका?

सूडान में लड़ाई सरकार समर्थित सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच चल रही है। सूडान सरकार का आरोप है कि UAE गुपचुप तरीके से RSF को हथियार भेज रहा है और इसके बदले तस्करी के जरिए सोना लेता है। सूडान ने इस मामले में इंटरनेशनल कोर्ट में भी UAE के खिलाफ शिकायत दायर कर दी है।

सूडान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, साल 2024 में RSF को लगभग 150 अरब दिरहम के हथियार मिले, जिनकी सप्लाई के पीछे UAE का नाम आया। हालांकि अमीरात ने सभी आरोपों से इंकार किया, लेकिन कई सबूत ऐसे मिले जिनका जवाब वह नहीं दे पाया। UAE बड़े देशों से हथियार खरीदकर RSF तक पहुंचाता है, और यही हथियार सूडान में भारी तबाही मचाने के लिए इस्तेमाल होते हैं।

सोने की तस्करी से अरबों की कमाई

RSF को हथियार देने के बदले UAE को तस्करी से सोना मिलता है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक 2024 में सोने की अवैध सप्लाई से यूएई को लगभग 7 अरब डॉलर का फायदा हुआ। सूडान में सोने की समृद्ध खानें हैं, और इन्हीं पर कब्जे की लड़ाई वहां के संघर्ष की जड़ मानी जाती है। UAE की इन खदानों पर नजर लंबे समय से है, और तस्करी के जरिए आने वाला सोना उसकी बड़ी कमाई का स्रोत बना हुआ है।

सऊदी की चाल से क्यों बढ़ी UAE की परेशानी?

अब सऊदी अरब ने अमेरिका को सूडान के गृह युद्ध में शामिल करके UAE की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अगर ट्रंप की दखल से संघर्ष की दिशा बदलती है, तो RSF की ताकत कमजोर पड़ेगी और UAE की रणनीति भी चौपट हो सकती है।यानी साफ है, व्हाइट हाउस में बिन सलमान की एक सिफारिश ने सूडान में UAE के पूरे गेम को हिला दिया है।

Share post:

Popular

More like this
Related