पणजी. गोवा विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस ने अपने 9 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी. हाल ही में भाजपा का साथ छोड़ने वाले और राज्य के मंत्री रह चुके माइकल लोबो को पार्टी ने कलानगट सीट से टिकट दिया है. वे इस सीट से पहले भी विधायक रह चुके हैं. प्रमोद सांवत सरकार में लोबो बंदरगाह मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
भाजपा के पूर्व नेता माइकल लोबो बीते 11 जनवरी को ही कांग्रेस में शामिल हुए हैं. उन्होंने 10 जनवरी को गोवा के मंत्रिमंडल से इस्तीफ दिया था और भगवा पार्टी छोड़ दी थी. गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 14 फरवरी को वोट पड़ेंगे, जबकि मतों की गिनती 10 मार्च को होगी.

गोवा में इस बार मुकाबला प्रमुख रूप से भाजपा, कांग्रेस, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी), महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी (एमजीपी), आम आदमी पार्टी (आप), तृणमूल कांग्रेस पार्टी (टीएमसी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के बीच है.
पिछले विधानसभा चुनाव में गोवा में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, लेकिन पूर्ण बहुमत से दूर रह गयी और सरकार बनाने में विफल रही. तब भाजपा ने कुछ क्षेत्रीय दलों और निर्दलियों के साथ साझेदारी से सरकार बनाई थी. इस समय राज्य में कांग्रेस के केवल दो विधायक हैं.




