नई दिल्ली, आंध्र प्रदेश सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से पहले महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने वर्क फ्रॉम होम की घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम महिलाओं की उत्पादकता को बढ़ाने और उनके कार्य-जीवन संतुलन को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
सीएम नायडू ने एक्स (Twitter) पर लिखा कि कोविड-19 महामारी के बाद काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है, और टेक्नोलॉजी के कारण वर्क फ्रॉम होम अब और भी आसान हो गया है। उन्होंने बताया कि रिमोट वर्क, कोवर्किंग स्पेस (CWS) और नेबरहुड वर्कस्पेस (NWS) जैसी व्यवस्थाएं न सिर्फ बिजनेस के लिए बल्कि कर्मचारियों के लिए भी लाभदायक साबित होंगी, जिससे उनकी प्रोडक्टिविटी बढ़ेगी।
हर शहर और कस्बे में आईटी ऑफिस खोलने की योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार आंध्र प्रदेश IT और GCC नीति 4.0 के तहत हर शहर, कस्बे और मंडल में आईटी कार्यालय खोलने के लिए डेवलपर्स को प्रोत्साहन दे रही है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और विशेष रूप से महिला पेशेवरों को अधिक भागीदारी के अवसर मिलेंगे।
STEM क्षेत्रों में महिलाओं के लिए समान अवसर
सीएम नायडू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला एवं बालिका विज्ञान दिवस के अवसर पर STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) क्षेत्रों में काम कर रही महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ाने और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पहल से न केवल महिलाओं को घर से काम करने की सुविधा मिलेगी, बल्कि उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने का हर संभव अवसर और समर्थन भी मिलेगा।




