
देहरादून, 11 सितम्बर 2021
देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग को लेकर लम्बे समय से चारधाम में आंदोलन कर रहे तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी महापंचायत ने आंदोलन को 30 अक्तूबर तक स्थिगित करने का निर्णय लिया है। चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत समिति के प्रतिनिधिमंडल की शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ बैठक हुई जिसके बाद आंदोलन को स्थगित करने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश-दुनियां के लिए आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं। सरकार का काम मंदिरों में अवस्थापना विकास को मजबूत बनाना है। चारधाम यात्रा जल्द शुरू हो इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि देवस्थानम बोर्ड से चारधाम से जुड़े लोगों के हक-हकूक किसी भी सूरत में प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे।
देवस्थानम बोर्ड के तहत बनाई गई उच्च स्तरीय समिति चारधाम से जुड़े तीर्थ पुरोहों की बात सुनकर सरकार के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। कमेटी में चारों धामों से दो-दो तीर्थ पुरोहितों को भी शामिल किया जायेगा। कमेटी की रिपोर्ट के बाद सरकार को निर्णय लेना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यहित में जो होगा वह कार्य किया जायेगा।
सरकार को दी गई 30 अक्तूबर तक की मोहलत
बैठक के बाद गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं चारधाम महापंचायत समिति के संयोजक सुरेश सेमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हाई पॉवर कमेटी में तीर्थ पुरोहितों के आठ लोगों को मेंबर बनाया जायेगा। समिति जो रिपोर्ट होगी उसके आधार पर समाधान निकाला जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अनुरोध को देखते हुए धरना प्रदर्शन एवं आन्दोलन है 30 अक्टूबर 2021 तक स्थगित किया गया है।
चारधाम महापंचायत सदस्य उमेश सती ने भी कहा कि मुख्यमंत्री से सकारात्मक बातचीत हुई है। हमें पूरी उम्मीद है कि इस बातचीत से जल्द से जल्द उचित समाधान निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि 30 अक्तूबर 2021 तक आन्दोलन स्थगित किया जा रहा है। समिति की रिपोर्ट के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय, गणेश जोशी, सचिव शैलेश बगोली, सीईओ देवस्थानम बोर्ड रविनाथ रमन, सचिव एचसी सेमवाल, चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत समिति के अध्यक्ष कृष्णकांत कोटियाल, चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत समिति के महामंत्री हरीश डिमरी, चारधाम तीर्थ पुरोहित हक-हकूकधारी महापंचायत समिति के कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण जुगडाण, सहसचिव सुरेश सेमवाल, दुर्गा प्रसाद भट्ट, विनोद शुक्ला, यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल, संजीव सेमवाल ,आचार्य नरेशनान्द, दीपक सेमवाल राजेश सेमवाल , श्याम , कुबेरनाथ पोस्ती, प्रशान्त भट्ट, पुरषोत्तम उनियाल, राजस्वरूप उनियाल, अखिलेश कोटियाल, राहुल कोटियाल आदि उपस्थित थे।







