देहरादून, 15 नवंबर 2021

भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कुमाऊं की सांस्कृतिक राजधानी अल्मोड़ा से 2022 के चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोमवार को हुई कुमाऊं के तीन जिलों की कोर कमेटी की बैठक में इस बार के चुनाव में 60 पार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए समर्पित होकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्टी और बूथ स्तर पर तय 24 कार्यक्रमों को पूरा करने पर विशेष बल दिया।

नड्डा ने कहा कि भाजपा का संगठन काफी मजबूत है। इसके माध्यम से सरकार और जनता के बीच समन्वय बनाना होगा। केंद्र और प्रदेश सरकार ने जनहित में कई उल्लेखनीय कदम उठाए हैं। उन्हें जनता तक पहुंचाना होगा। इसमें कोर कमेटी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार को भी स्थानीय माध्यम से दूर किया जा सकता है।

केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बूथ कमेटी की चुनाव में अहम जिम्मेदारी है। पार्टी ने बूथ को सक्रिय बनाए रखने के लिए पन्ना प्रमुख से लेकर अन्य कार्यक्रम तय किए हैं। प्रत्येक बूथ पर इसका क्रियान्वन हो कोर कमेटी को इस पर ध्यान देना होगा। इस मौके पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देशन में प्रदेश लगातार विकास के पथ पर बढ़ रहा है।

कोर कमेटी के सदस्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक ले जाएं। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि इस बार 60 पार के नारे को साकार करने के लिए कोर कमेटी की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर इसको मूर्तरूप देना है। इससे पहले यहां पहुंचने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का भव्य स्वागत किया गया। उनको प्रतीक चिह्न भी भेंट किए गए।

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, सांसद अजट टम्टा, पार्टी के प्रदेश चुनाव सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी, प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार मौजूद रहे। इस दौरान जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विस उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री बिशन सिंह चुफाल आदि ने स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने किया।