देहरादून, 1 सितम्बर 2021

पिथौरागढ़ ज़िले के धारचूला में सोमवार को बादल फटने के बाद हुई तबाही का जायज़ा लेने के लिए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हवाई दौरा किया. हवाई सर्वे के माध्यम से धामी ने आपदा प्रभावित इलाकों में नुकसान का आंकलन किया. इस सर्वे के बाद धामी ने माना कि प्राकृतिक आपदा के चलते इलाके में जानो माल का भारी नुकसान हुआ और उन्होंने पुष्टि की कि सात लोगों का कोई पता नहीं है. धामी ने कहा कि ‘हम इस इलाके में जीवन के सामान्य गति पकड़ने के लिए तमाम कोशिशें कर रहे हैं.’

हवाई सर्वे के दौरान विमान से धारचूला के प्रभावित एलागाढ़ इलाके का दौरा करने के बाद जुम्मा एयरबेस पर उतरे धामी ने पीड़ितों से मुलाकात भी की. एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान उन्होंने ज़िला मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि तत्काल पीड़ितों को राहत देने के उपाय किए जाएं. जिन परिवारों के लोग मारे गए हैं, उन्हें 4 लाख रुपये की मुआवज़ा देने का ऐलान भी धामी ने किया. जुम्मा गांव से लौटकर धामी ने धारचूला में पीड़ितों से मुलाकात की. यहां उन्होंने पीड़ितों को 1 लाख रुपये की मदद का आश्वासन दिया.

केंद्रीय मंत्री भट्ट भी करेंगे दौरा
पिथौरागढ़ में भारी बारिश से हुई तबाही का जायज़ा लेने के लिए रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट का भी कार्यक्रम है. खबरों के मुताबिक बुधवार को सांसद अजय टम्टा व सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ जीएम के साथ भट्ट को निरीक्षण करना है. बताया जाता है कि इस दौरे से पहले पिथौरागढ़-तवाघाट रोड के बारे में भट्ट मंगलवार को जानकारी लेकर चर्चा कर चुके थे.