
मेरठ, 5 अगस्त 2021
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा और सपा नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है. आज मेरठ पहुंचे नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने सपा मुखिया अखिलेश यादव के उस बयान पर चुटकी ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 400 सीटें जीतेगी. नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहाकि अखिलेश ने तीन सीटें छोड़ क्यों दीं ? मंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं. उन्होंने कहा कि अखिलेश सो कर उठते हैं और सिर्फ ट्वीट करते हैं. आशुतोष टंडन ने कहाकि भाजपा भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से ज्यादा सीट जीतकर फिर सरकार बनाएगी.
गौरतलब है कि आज अखिलेश यादव ने कहा था कि अभी तक हम 350 सीटें जीतने का दावा कर रहे थे, लेकिन आज जनता की नाराजगी इतनी है कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 400 सीटें जीत सकती है. इससे पहले मेरठ पहुंचे नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने 62 करोड़ से ज्यादा लागत से निर्मित 67 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया. उन्होंने इस दौरान कहा कि देश व प्रदेश विकास कार्यों में कर रहा नित नए आयाम स्थापित कर रहा है. नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि यूपी कानून व्यवस्था व प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में नंबर वन है.
यूपी सरकार की कार्यप्रणाली का ज़िक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पहली कैबिनेट बैठक में ही 86 लाख लघु और सीमांत किसानों का 36 हजार करोड़ रुपए का ऋण माफ किया है. मंत्री टंडन ने कहा कि आने वाले दिनों में प्रदेश और तरक्की करेगा. मंत्री ने कहा कि प्रदेश में 700 इलेक्ट्रिक बसें संचालित होंगी. जिनमें से मेरठ को 50 इलेक्ट्रिक बसे मिलेंगी. इस दौरान मंत्री ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 7 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी दिए. 8 कोरोना योद्धाओ को सम्मानित किया. मंत्री ने गृह कर के भुगतान को सुचारू व सुगम बनाने के लिए ई-पॉश मशीन का शुभारंभ किया.







