
मेरठ, 22 सितम्बर 2021
यूपी एटीएस ने मुजफ्फरनगर के फुलत निवासी मौलाना कलीम सिद्दीकी को देशव्यापी धर्मांतरण का सिंडिकेट चलाने और हवाला से विदेशी फंडिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। मेरठ से मुजफ्फरनगर जाते हुए मंगलवार रात को मौलाना कलीम समेत 5 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से मौलाना कलीम को गिरफ्तार दिखाया गया है। इनका संबंध धर्मांतरण में पूर्व में गिरफ्तार किए गए उमर गौतम से भी बताया गया है।
लखनऊ में एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मौलाना कलीम सिद्दीकी देशव्यापी धर्मांतरण का सिंडिकेट चला रहे थे। साक्ष्यों के आधार पर इस बात का खुलासा यूपी एटीएस द्वारा किया गया है। बताया कि पिछले 15 साल से यह काम जारी था और इसके लिए विदेशों से फंडिंग कराई जा रही थी। हवाला के जरिए भी पैसा लाया जा रहा था। मदरसों की आड़ में भी फंडिंग की जा रही थी। बताया कि धर्मांतरण के मामले में पूर्व में गिरफ्तार उमर गौतम को जिस संस्था से पैसा ट्रांसफर किया गया, उसी संस्था से मौलाना कलीम की संस्था को भी पैसा ट्रांसफर किया गया है। इसके अलावा करीब 3 करोड़ की रकम के ट्रांसफर होने के साक्ष्य मिले हैं, जिनमें से डेढ़ करोड़ बहरीन से भेजे गए हैं।
मौलाना कलीम ने दिल्ली में जामिया इमाम वलीउल्ला नामक ट्रस्ट संचालित किया हुआ है, जिसे लेकर जांच की जा रही है। धर्मांतरण को लेकर प्रिंट में इलेक्ट्रॉनिक रूप में लिखा गया साहित्य भी एटीएस ने साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि इस मामले में जांच के लिए पुलिस की 6 टीमें लगाई गई हैं।
मंगलवार रात लोकेशन न मिलने से मचा था हड़कंप
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी क्षेत्र के ग्राम फुलत के प्रसिद्ध मदरसे के प्रबंधक मौलाना कलीम का कई घंटे से मोबाइल फोन बंद होने और उनकी कोई लोकेशन नहीं मिलने से हड़कंप मच गया था। उनके साथ चार लोग और थे। किसी की भी देर रात तक लोकेशन नहीं मिली थी। मौलाना कलीम के जानकार मौलाना इदरीश का कहना है कि दिल्ली से वह फुलत मदरसे में आने के लिए निकले थे। रास्ते में वह मेरठ में एक निजी निमंत्रण पर पहुंचे थे और वहां से फुलत मदरसे के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद रहा और उनकी लोकेशन नहीं मिल रही थी। वहीं, मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट में भी काफी लोग जमा हो गए थे।
अभिनेत्री सना खान का निकाह कराने पर आए थे काफी चर्चा में
पूर्व में मौलाना कलीम ने अभिनेत्री सना खान का निकाह भी कराया था। इसको लेकर काफी चर्चा बनी रही थी। मौलाना कलीम इस मामले को लेकर काफी चर्चा में बने रहे थे।







