लखनऊ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर चुटकी लेते हुए कहा है कि ‘गर्मी नहीं, भर्तियां निकालिए।’ बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी का घोषणापत्र जारी करने के बाद प्रियंका से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार के दौरान गर्मी निकालने, चर्बी उतारने जैसे जुमलों के इस्तेमाल को लेकर सवाल हुआ था।
अपने घोषणापत्र में कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता में आने पर 20 लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया है। प्रियंका ने कहा कि हम 12 लाख खाली सरकारी पदों को भरने के साथ रोजगार के आठ लाख नए अवसर सृजित करेंगे। उन्होंने आउटसोर्सिंग को बंद करने और संविदा कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से नियमित करने की घोषणा भी की। इसके बाद प्रियंका से यह सवाल हुआ। इस पर प्रियंका ने योगी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वो गर्मी नहीं, भर्तियां निकालें। वह गर्मी निकालने की बात कह रहे हैं और हम अपने भर्ती विधान में भर्तियां निकालने की बात कह रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते दिनों हापुड़ के पिलखुवा में जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा था कि ‘ये गर्मी जो अभी कैराना और मुजफ्फरनगर में दिखाई दे रही है,…मैं मई और जून की गर्मी को भी शिमला बना देता हूं।’ जवाब में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने अलीगढ़ में अपने समर्थकों से कहा था कि हैंडपंप (चुनाव चिह्न) का बटन ऐसा दबाओ की भाजपा नेताओं को जो चर्बी चढ़ी है, सारी उतर जाए।




