Yogi Adityanath Shapath: योगी आदित्यनाथ दूसरी बार उत्तर प्रदेश के सीएम बन गए हैं। शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भव्य समारोह के दौरान उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। योगी आदित्यनाथ के अलावा, बीजेपी की नई कैबिनेट में कुल 52 मंत्री शपथ लेंगे। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें इन्होंने मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। सामने आई सूची के मुताबिक, सूबे में दो डिप्टी सीएम, 16 मंत्री, 20 राज्य मंत्री, 20 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और पांच महिला मंत्री हैं।
रोचक बात है कि डिप्टी सीएम पद पर बीजेपी ने इस बार दिनेश शर्मा को ड्रॉप कर दिया है। उनकी छुट्टी कर बीजेपी ने ब्राह्मण चेहरे के तौर पर बृजेश पाठक को दूसरा डिप्टी सीएम बनाया है। वहीं, अनिल राजभर, सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, आशीष पटेल, संजय निषाद, जितिन प्रसाद, असीम अरुण और दयाशंकर सिंह अन्य मंत्री हैं।
किनका कटा पत्ताः सतीश महाना, श्रीकांत शर्मा, सिद्धार्थनाथ सिंह और महेंद्र सिंह जैसे चेहरों को इस कैबिनेट में जगह नहीं मिल पाई है। दिनेश शर्मा की जगह ब्रजेश पाठक केशव प्रसाद मौर्य के साथ डिप्टी सीएम बनाए गए हैं।
आपको बता दें कि यूपी में पूर्ण बहुमत पाने के बाद दोबारा सत्ता में आने जा रही भाजपा की नई सरकार में योगी दूसरी बार सीएम बने हैं। शुक्रवार को उन्होंने इकाना स्टेडियम में भव्य समारोह के दौरान शपथ ग्रहण किया।
यूपी में बीजेपी ने 255 और सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने 12 व निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) ने छह सीटों पर जीत हासिल की थीं। इससे 37 साल पहले 1985 में नारायण दत्त तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने दोबारा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और तिवारी ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। योगी आदित्यनाथ के खाते में 37 वर्ष बाद यह रिकॉर्ड दर्ज होगा।




