नई दिल्ली, दिल्ली में ‘आप’ नेताओं के जेल जाने पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘अनब्रेकेबल’ की स्क्रीनिंग को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ‘आप’ के सूत्रों का आरोप है कि भाजपा के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को रोक दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भाजपा इस फिल्म से बुरी तरह डरी हुई है और उसे दिखाने से रोकने की कोशिश कर रही है।
केजरीवाल का भाजपा पर हमला
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “आम आदमी पार्टी पर बनी इस फिल्म को पत्रकारों को दिखाने के लिए एक आयोजन रखा गया था, लेकिन वहां भारी संख्या में पुलिस लगाकर भाजपा ने इस फिल्म की स्क्रीनिंग को रोक दिया। आखिर भाजपा इस फिल्म से क्यों डरी हुई है? इसमें ऐसा क्या है जिसे जनता से छिपाना चाहती है?”
उन्होंने दावा किया कि यह डॉक्यूमेंट्री उन घटनाओं को उजागर करती है जब आप नेताओं को गलत तरीके से गिरफ्तार किया गया था और भाजपा सरकार के गैर कानूनी व असंवैधानिक कामों को सामने लाती है। केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए पूछा कि आखिर सच्चाई से डरने की वजह क्या है?
भाजपा का पलटवार
इस विवाद पर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को किसी फिल्म से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारे संकल्प पत्र में जो भी गारंटियां दी गई हैं, वो मोदी जी की गारंटी है। हमने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अपनी सभी गारंटियां पूरी की हैं।”
पूनावाला ने आगे कहा, “जहां हम पाठशाला की बात कर रहे हैं, वहीं अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के लोग मधुशाला के लिए काम कर रहे हैं। दोनों में बड़ा अंतर है।” उन्होंने ‘आप’ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी केवल दिखावे और प्रचार पर ध्यान दे रही है, जबकि भाजपा ने अपने वादों को पूरा किया है।
डॉक्यूमेंट्री को लेकर बढ़ा विवाद
‘अनब्रेकेबल’ डॉक्यूमेंट्री को लेकर मचा यह विवाद अब राजनीतिक गरमागरमी में बदल गया है। जहां ‘आप’ इसे भाजपा की साजिश बता रही है, वहीं भाजपा इसे ‘आप’ का ध्यान भटकाने का तरीका कह रही है। इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है, जिससे आने वाले दिनों में दिल्ली की राजनीति में नई हलचल देखने को मिल सकती है।




