The Front Desk, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारतीय टीम के लिए बेहद यादगार रहा। पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया को अलग-अलग मैचों में नए-नए मैच विनर मिले और आखिरकार अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने खिताब अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय तेज गेंदबाज Mohammed Siraj का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सिराज ने टूर्नामेंट में अचानक मौका मिलने और फिर प्लेइंग-11 से बाहर रहने को लेकर बेहद भावुक लेकिन टीम-फर्स्ट सोच वाला जवाब दिया।
‘सब ऊपर वाले का प्लान है’
टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद सिराज ने कहा, “सब कुछ ऊपर वाले का प्लान है। मैं तो टीम में भी नहीं था, ऊपर वाले ने मौका दिया और वर्ल्ड चैंपियन बना दिया।” सिराज का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्हें पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला। इसके बावजूद उन्होंने टीम के साथ रहकर अपना पूरा योगदान दिया।

बेंच पर रहकर भी निभाया अहम रोल
जब उनसे पूछा गया कि प्लेइंग-11 से बाहर बैठना किसी भी खिलाड़ी के लिए निराशाजनक हो सकता है, तो सिराज ने बेहद सकारात्मक जवाब दिया। उन्होंने कहा कि टीम की सफलता में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों की भूमिका भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। सिराज ने कहा,
“बाहर बैठकर भी रोल बहुत बड़ा होता है। पानी पिलाना, नेट्स में गेंदबाजी करना, टीम का माहौल अच्छा रखना और हमेशा टीम को प्राथमिकता देना. पर्सनल गोल से ज्यादा टीम का गोल अहम है।”
उनका यह बयान क्रिकेट फैंस को काफी पसंद आ रहा है और सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। कई लोगों का कहना है कि यही असली टीम स्पिरिट होती है।

USA के खिलाफ मिला था मौका
मोहम्मद सिराज को टूर्नामेंट के पहले मैच में खेलने का मौका मिला था, जहां भारत का सामना अमेरिका से हुआ था। उस मुकाबले में सिराज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 29 रन दिए और तीन विकेट अपने नाम किए। हालांकि टीम कॉम्बिनेशन के चलते उन्हें आगे के मैचों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिल सकी। वह इस टीम में Harshit Rana की जगह शामिल किए गए थे, जो चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
टीम की जीत में हर खिलाड़ी का योगदान
टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में सिर्फ मैदान पर खेलने वाले खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि सपोर्ट स्टाफ और बेंच स्ट्रेंथ भी टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं। मोहम्मद सिराज ने भले ही कम मैच खेले हों, लेकिन उन्होंने टीम का हौसला बढ़ाने, नेट्स में गेंदबाजी करने और ड्रेसिंग रूम का माहौल सकारात्मक बनाए रखने में अहम योगदान दिया।
इसी टीम भावना का नतीजा रहा कि भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम की।




