बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली को लेकर मंगलवार रात सोशल मीडिया पर अचानक हलचल मच गई। कई प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर तेजी से फैलने लगी कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि जन्मदिन के जश्न के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां तक कि उनकी आगामी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग रोकने की बात भी कही गई।
हालांकि, भंसाली की टीम ने इन खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है। जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि उनके अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी गलत है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। टीम ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशकों में गिने जाते हैं संजय
मुंबई की लगभग 300 स्क्वेयर फीट की चॉल में जन्मे संजय लीला भंसाली की शुरुआत साधारण रही, लेकिन अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर वे देश के सबसे प्रतिष्ठित फिल्ममेकर्स में शामिल हो गए। आज उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 940 करोड़ रुपये बताई जाती है। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर भव्य और आलीशान सेट्स तक का उनका सफर उनके रचनात्मक विकास को दर्शाता है। भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने वाले निर्देशकों में उनका नाम प्रमुखता से लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में कई यादगार और क्लासिक फिल्में दी हैं।

आर्थिक संघर्षों में बीता बचपन
भंसाली का शुरुआती जीवन आर्थिक तंगी में गुजरा। उनके पिता ने फिल्म ‘जहाज़ी लुटेरा’ में निवेश किया था, जो असफल रही और परिवार को वित्तीय संकट का सामना करना पड़ा। उनकी मां छोटे कार्यक्रमों में परफॉर्म करती थीं, जिन्हें देखकर भंसाली को भव्य म्यूज़िकल सीक्वेंस रचने की प्रेरणा मिली। FTII से विवाद के चलते बाहर किए जाने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और करीब आठ वर्षों तक विधु विनोद चोपड़ा के मार्गदर्शन में काम करते हुए अपने करियर की नींव मजबूत की।

भव्य सेट्स के लिए मिली खास पहचान
उनकी पहली निर्देशित फिल्म ‘खामोशी: द म्यूज़िकल’ (1996) को पांच फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले और यहीं से उनके सफल सफर की शुरुआत हुई। ‘देवदास’ के शानदार सेट्स पर भारी खर्च से लेकर ‘पद्मावत’ के निर्माण में लगभग 250 करोड़ रुपये लगाने तक, वे अपनी भव्य प्रस्तुति के लिए मशहूर रहे। उनकी वेब सीरीज ‘हीरामंडी’ का सेट भी करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया था।
निर्देशन में खास मुकाम
अपने अब तक के करियर में भंसाली 10 फिल्मों का निर्देशन, 7 फिल्मों का निर्माण, 3 प्रोजेक्ट्स के लिए संगीत और 16 पटकथाएं लिख चुके हैं। उनकी फिल्मों को जहां सराहना मिली, वहीं ‘पद्मावत’ जैसी फिल्मों को लेकर विवाद भी हुए और ऐतिहासिक प्रस्तुति पर कड़ा विरोध झेलना पड़ा। फिलहाल वे अपने बड़े प्रोजेक्ट ‘लव एंड वॉर’ की तैयारी में हैं, जिसमें आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।




