लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमी-फाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत सधी हुई रही, हालांकि उन्हें पहला झटका विल यंग के रूप में लगा, जो 21 रन बनाकर लुंगी एनगिडी की गेंद पर एडन मार्करम के हाथों कैच आउट हुए。
इसके बाद रचिन रवींद्र और केन विलियमसन ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की। रवींद्र ने अपने अर्द्धशतक के साथ टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। दूसरी ओर, केन विलियमसन ने 27 रन बनाते ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 19,000 रन पूरे कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया, ऐसा करने वाले वह न्यूजीलैंड के पहले बल्लेबाज बने।
22 ओवरों के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर 122/1 था, जिसमें रवींद्र 67 और विलियमसन 31 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों में मार्को यानसेन, केशव महाराज और वियान मुल्डर अब तक कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।
इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की नजरें पहली बार न्यूजीलैंड को आईसीसी नॉकआउट मैच में हराने पर हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 11 आईसीसी वनडे टूर्नामेंट मुकाबलों में न्यूजीलैंड ने 7 और दक्षिण अफ्रीका ने 4 मैच जीते हैं। चैंपियंस ट्रॉफी में दोनों के बीच हिसाब बराबर है; 2006 में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की थी, जबकि 2009 में दक्षिण अफ्रीका विजेता रहा था।
इस मैच की विजेता टीम फाइनल में भारत से भिड़ेगी
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी हैं दोनों टीमें
न्यूज़ीलैंड प्लेइंग इलेवन : विल यंग, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, डैरिल मिचेल, टॉम लेथम, ग्लेन फ़िलिप्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर,मैट हेनरी, काइल जेमिसन, विलियम ओरूर्क
साउथ अफ़्रीका प्लेइंग इलेवन : तेम्बा बावुमा, रियान रिकल्टन,रासी वैन दर दुसें, एडन मारक्रम (कप्तान), हाइनरिक क्लासन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, वियन मुल्डर, मार्को यानसन, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी




