नई दिल्ली। रूस ने आखिरकार यूक्रेन पर हमले का ऐलान कर ही दिया। विशेषज्ञों के मुताबिक, इससे दुनिया की दो महाशक्तियां यानी रूस और अमरीका के बीच तनाव का खतरा अब बढ़ गया है। माना जा रहा है कि रूस अब यूक्रेन को नाटो में जाने से रोकने के लिए पूरी ताकत का इस्तेमाल करेगा। इसके लिए वह अपने सबसे खतरनाक हथियारों का इस्तेमाल करने से भी नहीं चूकेगा। आइए जानते हैं रूस के पास वे कौन से पांच घातक हथियार हैं, जिनके दम पर वह यूक्रेन ही दुनिया को भी फतह कर सकता है।
टी-आर्माटा टैंक

रूस के पास टी-आर्माटा टैंक हैं, जो बिना किसी मदद के अपने टारगेट पर गोले दाग सकता है। इस टैंक को रिमोट के जरिए चलाया जा सकता है। इसकी टॉप स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा है और वजन करीब 55 टन है। यह टैंक 125 एमएम के कैनन से लैस होती है, जो प्रति मिनट दस से बारह राऊंड गोले दाग सकती है। इस टैंक से एंटी एयरक्रॉफ्ट मिसाइल पर भी फायर कर सकते हैं।
झा बॉम्बा परमाणु बम

दरअसल, रूस दुनिया की सबसे बड़ी परमाणु ताकत हैं। दावा किया जाता है कि उसके पास करीब छह हजार परमाणु बम हैं। रूस के पास जो परमाणु बम है वह सबसे ज्यादा शक्तिशाली है। इसे झा बॉम्बा के नाम से पुकारते हैं। रूस ने शीतयुद्ध के समय इसका परीक्षण किया था। यह जापान के हिरोशिमा शहर पर गिराए गए अमरीकी परमाणु बम से करीब 3333 गुना अधिक ताकतवर है। यह पल भर में ही किसी बड़े शहर को राख के ढेर में तब्दील कर सकता है।
किंझल हाइपरसोनिक मिसाइल

यह एक हाइपरसोनिक परमाणु मिसाइल है। दावा किया जाता है कि किंझल मिसाइलों की गति साउंड यानी आवाज से भी दस गुना अधिक है। यह मिसाइल दो हजार किलोमीटर की मारक क्षमता से लैस है। यही नहीं, किंझल मिसाइल में परमाणु बम गिराने की भी क्षमता है। यह पांच हजार किलोटन तक का परमाणु बम ले जाने में सक्षम है। यह मिसाइल तीन किलोमीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से हमला करती है। इस मिसाइल के आगे दुनियाभर के अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम भी फेल साबित होते हैं। अमरीका के नॉटो के पास भी अभी इस मिसाइल का तोड़ नहीं है।
2एस7 पीओन तोप

यूक्रेन को दहशत में लाने के लिए रूस ने अपनी महाविनाशक तोप 2एस7 पीओन को भी तैनात किया है। यह दुनिया की सबसे विनाशकारी तोप मानी जाती है। यह तोप परमाणु बम दागने में भी सक्षम है। इसके जरिए परमाणु बम से भरा गोला 37 किलोमीटर की दूरी तक दागा जा सकता है। यह सोवियत एटॉमिक तोप के नाम से चर्चित है। इससे 203 एमएम के परमाणु बम से भरे गोले भी दागे जा सकते हैं। यानी एक बड़े इलाके को इस तोप के जरिए पलभर में नेस्तनाबूत किया जा सकता है।
बेलगोरोड सबमरीन

रूस की विनाशकारी पनडुब्बी बेलगोरोड समुद्र में विनाश का दूसरा नाम है। यह दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी पनडुब्बी है। इसकी लंबाई इतनी है कि इसके भीतर एक छोटी सबमरीन और एक ड्रोन विमान रखा जा सकता है। इसका वजन 14 हजार सात सौ टन है। यह रेडियो एक्टिव सुनामी छोड़ने वाले पोसाइडन टॉरपीडो से किसी शहर को भी तबाह कर सकती है। इसकी लंबाई करीब छह सौ फुट है। इसे युद्ध का नक्शा बदलने वाली पनडुब्बी के नाम से भी जानते हैं।




