Presidential Election Live Updates: राष्ट्रपति चुनाव के लिए 10 बजे से वोटिंग शुरू हो गई। महाराष्ट्र से बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा है कि NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। बंगाल के दार्जिलिंग से भाजपा विधायक नीरज तमांग जिम्बा ने कहा है कि चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत पक्की है, बस औपचारिकता बाकी है।
राष्ट्रपति पद के लिए आज वोटिंग होगी और करीब 4800 विधायक और सांसद वोटिंग में हिस्सा लेंगे। वहीं यशवंत सिन्हा ने कहा है कि अगर द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीतती हैं तो वह एक रबर स्टाम्प राष्ट्रपति साबित होंगी।
बीजद, वाईएसआरसीपी, बसपा, अन्नाद्रमुक, टीडीपी, जद (एस), शिरोमणि अकाली दल, शिवसेना और झामुमो के समर्थन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के जीतने की संभावना सबसे अधिक है और उन्हें 60 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। निर्वाचित होने पर द्रौपदी मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद को संभालने वाली आदिवासी समुदाय की पहली महिला बन जाएंगी।
पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “ये सत्र बहुत महत्वपूर्ण है और इसलिए भी महत्वपूर्ण हैं क्योंकि इसी समय राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति पद के चुनाव हो रहे हैं। आज मतदान भी हो रहा है और इसी कालखंड में देश को नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति मिलेंगे।”
महाराष्ट्र से बीजेपी नेता आशीष शेलार ने कहा है कि NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय है। हमें पूरा विश्वास है कि वह महाराष्ट्र से रिकॉर्ड वोट हासिल करेंगी।
लखनऊ में राष्ट्रपति चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए हैं। विधानभवन के तिलक हॉल में वोटिंग होगी।
पंजाब का 99 फीसदी वोट यशवंत सिन्हा को जा रहा- कांग्रेस
पंजाब कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने मतदान से पहले सोमवार को कहा, “चंडीगढ़ सीएलपी की बैठक में सभी को बताया जाएगा कि वोट किसे डालना है, गलती से किसी और को वोट न दे दी जाए। हमारी पूरी कोशिश है… पंजाब का 99% वोट यशवंत सिन्हा को जा रहा है।”
राष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर अखिलेश यादव ने अपने विधायकों के साथ बैठक की और राष्ट्रपति चुनाव से संबंधित चर्चा की।




