नक्सलवाद का नामोनिशान मिटाने की तैयारी, ऑपरेशन की समीक्षा के लिए दंतेवाड़ा जाएंगे गृह मंत्री अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में वे 4 और 5 अप्रैल को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे, जहां वे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ऑपरेशन की समीक्षा करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, गृह मंत्री 5 अप्रैल को दंतेवाड़ा में एडवांस पोस्ट पर जाकर नक्सलमुक्त अभियान का मुआयना करेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, पुलिस अधिकारियों, अर्धसैनिक बलों और अभियान से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे की रणनीति पर चर्चा होगी।

सुकमा में 16 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। 28 मार्च को डीआरजी और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी सर्च अभियान चलाया था। इस दौरान 30 मार्च को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 16 नक्सली मारे गए। अभियान में बड़ी मात्रा में स्वचालित हथियार भी बरामद किए गए हैं।

नक्सलवाद पर अमित शाह का सख्त रुख

सुकमा में नक्सलियों के खिलाफ इस अभियान को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, “नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में 16 नक्सलियों को मार गिराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने हथियार उठाने वालों से शांति और विकास का रास्ता अपनाने की अपील भी की।

नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

20 मार्च को भी छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में सुरक्षाबलों ने 22 नक्सलियों को मार गिराया था। इसके अलावा, बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर सुरक्षाबलों ने एक और मुठभेड़ में 30 नक्सलियों को ढेर किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लग रही है।

क्या भारत 2026 तक होगा नक्सलमुक्त?

गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में केंद्र सरकार नक्सलवाद के खात्मे के लिए निर्णायक रणनीति पर काम कर रही है। 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। सख्त कार्रवाई और सुरक्षा बलों की लगातार हो रही सफलता इस लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बड़ा संकेत है।

Share post:

Popular

More like this
Related