UttaraKhand में कक्षा एक से 12वीं तक सभी स्कूलों में हाइब्रिड मोड में पढ़ाई खत्म, आज से केवल आफलाइन चलेंगी क्लास

देहरादून: प्रदेश में कक्षा एक से 12वीं तक सभी सरकारी, सहायताप्राप्त अशासकीय और निजी विद्यालयों को आनलाइन पढ़ाई से मुक्त कर दिया गया है। शुक्रवार से प्रारंभ हो रहे नए शैक्षिक सत्र में विद्यालय सिर्फ आफलाइन मोड में ही संचालित किए जाएंगे। विद्यालयों को राहत देते हुए सिर्फ शिक्षण शुल्क लेने के प्रतिबंध से भी राहत दी गई है। उन्हें अन्य अनुमन्य शुल्क लेने की अनुमति दी गई है।

प्रदेश में कोरोना संक्रमण के प्रभाव में कमी को देखते हुए समस्त शिक्षा बोर्डों से संबद्ध शिक्षण संस्थानों पर लगाई गई पाबंदी हटाई जा रही हैं। इस कड़ी में सरकार ने 12वीं तक सभी विद्यालयों को हाईब्रिड मोड यानी आफलाइन के साथ आनलाइन मोड में भी पढ़ाई कराने का आदेश वापस लिया है। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने इस संबंध में गुरुवार को आदेश जारी किए। अब विद्यालयों में शिक्षण कार्य भौतिक रूप से संचालित होगा।

हालांकि, सभी कक्षाओं को भौतिक रूप से संचालित करने के दौरान कोविड-19 के संबंध में जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का कड़ाई से पालन करना होगा। विद्यालयों को नए शैक्षिक सत्र से शिक्षण शुल्क के साथ नियमानुसार अन्य शुल्क लेने की छूट भी बहाल की गई है। कोरोना महामारी के चलते विद्यालय बंद होने और आनलाइन पढ़ाई कराने के दौरान सिर्फ शिक्षण शुल्क लेने के ही आदेश दिए गए थे। निजी विद्यालय हाईब्रिड मोड में पढ़ाई की बाध्यता और अन्य शुल्क लेने में लगी रोक हटाने की मांग कर रहे थे।

दस जिलों में कोरोना का नया मामला नहीं

उत्तराखंड में कोरोना संक्रमण अब ढलान पर है। बुधवार को राज्य में कोरोना के सात नए मामले मिले, जबकि एक मरीज ठीक भी हुआ है। कोरोना से किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। कोरोना संक्रमण दर 0.23 प्रतिशत रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Popular

More like this
Related