IND vs NZ: संजू सैमसन को दूसरे वनडे मैच में क्यों नहीं मिली जगह? कप्तान शिखर धवन ने बताई वजह

Shikhar Dhawan On Sanju Samson: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मैच बारिश की वजह से धुल गया. दरअसल, भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से पीछे चल रही है. इस वजह से टीम इंडिया के लिए यह मैच बेहद अहम था. भारतीय टीम ने इस मैच में संजू सैमसन और शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक हुड्डा और दीपक चाहर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया. बहरहाल, संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलने पर काफी सवाल उठे, लेकिन मैच के बाद भारतीय कप्तान शिखर धवन ने बताया कि संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में क्यों जगह नहीं मिली.

इस वजह से संजू सैमसन को बैठना पड़ा बाहर

भारतीय कप्तान शिखर धवन ने कहा कि हम छठे गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहते थे. इस वजह से हमने संजू सैमसन की जगह दीपक हुड्डा को शामिल किया. उन्होंने कहा कि हम इस मैच में दीपक चाहर को मौका देना चाहते थे, हम ऐसे गेंदबाज को तलाश रहे थे जो गेंद को स्विंग करा सके. ताकि, न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों के लिए शॉट खेलना आसान नहीं हो. दरअसल, इस मैच में भारतीय टीम ने दीपक चाहर के अलावा दीपक हुड्डा को शामिल किया. इसके अलावा अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक के तौर पर दो युवा तेज गेंदबाज थे.

‘युवा खिलाड़ियों के लिए यह बेहतरीन अवसर’

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मैच में शार्दुल ठाकुर ने पहले स्पेल में खासा प्रभावित किया था, लेकिन दूसरे स्पेल में महंगे साबित हुए. इस वजह से भारतीय टीम मैनेजमेंट ने दूसरे वनडे मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर पर दांव खेला. दरअसल, दीपक चाहर चोट के बाद वापसी कर रहे थे, लेकिन बारिश के कारण मैच नहीं खेला जा सका. इस वजह से दीपक चाहर को गेंदबाजी करने का मौका नहीं मिला. टीम इंडिया के कप्तान शिखर धवन ने कहा कि हमारी टीम काफी युवा टीम है. युवा खिलाड़ियों के साथ खेलने में काफी मजा आ रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों के लिए यह बेहतरीन अवसर है.

Share post:

Popular

More like this
Related