दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: “और लड़ो आपस में” चुनाव नतीजे से पहले उमर अब्दुल्ला का तंज

नई दिल्ली, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना के शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 44 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 27 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इन रुझानों के बीच, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर एक कटाक्षपूर्ण टिप्पणी की है। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक जीआईएफ साझा करते हुए लिखा, “और लड़ो आपस में।” इस जीआईएफ में एक साधु रौद्र रूप में नजर आ रहा है, जिसके नीचे लिखा है, “और लड़ो आपस में। समाप्त कर दो एक दूसरे को।” उमर अब्दुल्ला की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

शिवसेना और भाजपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं

शिवसेना नेता शाइना एन.सी. ने कहा, “27 साल बाद इतिहास बनने जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने सिर्फ वादे किए लेकिन कुछ नहीं किया। यही कारण है कि आतिशी हार रही हैं, रमेश बिधूड़ी जीत रहे हैं, नई दिल्ली में प्रवेश वर्मा जीत रहे हैं, अरविंद केजरीवाल हार रहे हैं, मनीष सिसोदिया हार रहे हैं… लोगों ने फैसला कर लिया है कि वे बदलाव चाहते हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी और विकास चाहते हैं।”

भाजपा नेता गौरव भाटिया ने रुझानों में बीजेपी को मिली बढ़त पर कहा, “हम जनता का आभार व्यक्त करते हैं। लोगों ने स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया है कि वे डबल इंजन सरकार चाहते हैं…लोगों ने कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल की आंखें खोलने का काम किया है। ईवीएम, पुलिस, चुनाव आयोग को दोष देने वाली इस नकारात्मक राजनीति का अंत होगा…हमें उम्मीद है कि भाजपा की जीत होगी और भाजपा लोगों की सेवा के लिए तैयार है।”

रुझानों की वर्तमान स्थिति

चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा दिल्ली में 39 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी 23 और कांग्रेस 1 सीट पर सिमटती दिख रही है। रुझानों में नई दिल्ली सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और जंगपुरा से मनीष सिसोदिया आगे चल रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई, जिसमें 699 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा।

दिल्ली में 5 फरवरी को हुए मतदान में कुल 60.54% वोटिंग हुई थी। अब सभी की निगाहें अंतिम परिणामों पर टिकी हैं, जो जल्द ही स्पष्ट करेंगे कि दिल्ली की सत्ता किसके हाथ में होगी।

Share post:

Popular

More like this
Related