संभल में CO अनुज चौधरी का बयान वायरल – ‘होली साल में एक बार आती है, जुमा 52 बार’

संभल, उत्तर प्रदेश के संभल जिले में होली के त्योहार को लेकर शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सीओ अनुज चौधरी का एक बयान विवादों में आ गया है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि यदि उन्हें रंग से आपत्ति हो, तो वे घर में ही रहें, क्योंकि होली साल में केवल एक बार आती है, जबकि जुमा 52 बार आता है।

संभल कोतवाली में गुरुवार को आयोजित इस बैठक में होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि जैसे मुस्लिम समुदाय ईद का इंतजार करता है, वैसे ही हिंदू समाज होली का इंतजार करता है। उन्होंने यह भी अपील की कि हिंदू समुदाय के लोग उन व्यक्तियों पर रंग न डालें, जिन्हें इससे परेशानी होती है।

होली के बाद होगी जुमे की नमाज

बैठक में यह सहमति बनी कि होली का रंग खेलने के बाद जुमे की नमाज अदा की जाएगी। प्रशासन ने यह फैसला शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया है। गौरतलब है कि 24 नवंबर को जामा मस्जिद केस की सुनवाई के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन विशेष रूप से सतर्क है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और डीएम को निर्देश दिए हैं कि होली के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने के भी आदेश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर बंटा समाज

सीओ अनुज चौधरी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे प्रशासनिक सख्ती के रूप में देख रहे हैं, तो कुछ इसे एकतरफा बयान मान रहे हैं। हालाँकि, प्रशासन का कहना है कि यह बयान किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाने के लिए नहीं, बल्कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिया गया है।

संभल प्रशासन की अपील है कि लोग अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ पोस्ट को साझा न करें। पुलिस की ओर से भी निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Share post:

Popular

More like this
Related