
लखनऊ, 25 अगस्त 2021
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के दूसरे चरण के लाभार्थियों को नि:शुल्क एलपीजी कनेक्शन बांटे। इस योजना से राज्य की 20 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए जाएंगे। इस दौरान उन्होंने सरकारी आवास से वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए विभिन्न जिलों के लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि पहले गैस के लिए लाइन में लगे लोगों पर लाठियां बरसती थी लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी की इस योजना ने लोगों को बहुत लाभ दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस एक योजना ने एक ओर जहां हमारी माताओं-बहनों को चूल्हे के धुएं से आजादी दिलाकर उनकी सेहत का ख्याल रखा है तो दूसरी ओर ईंधन की व्यवस्था करने की दुश्वारी, बरसात के महीनों में गीली लकड़ी की समस्या और रसोईघर में घंटों रहने की मजबूरी से भी निजात दिलाई है।







