कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी पर बवाल, शिवसैनिकों ने की तोड़फोड़, 20 पर FIR

कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी पर बवाल, शिवसैनिकों ने की तोड़फोड़, 20 पर FIR

मुंबई: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के एक वीडियो को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में जबरदस्त घमासान मच गया है। इस वीडियो में कामरा ने बिना नाम लिए कथित रूप से राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाया था। वीडियो के वायरल होते ही शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता भड़क गए और रविवार देर रात मुंबई के एक होटल में तोड़फोड़ कर दी, जहां यह वीडियो शूट किया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने 20 शिवसैनिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल भी शामिल हैं। वहीं, खुद कुणाल कामरा के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की गई है। शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने कामरा को सख्त चेतावनी दी है कि उन्हें पूरे देश में घुमने नहीं दिया जाएगा।

शिवसेना कार्यकर्ताओं ने होटल में की तोड़फोड़
रविवार रात शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके में स्थित होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में तोड़फोड़ की, जहां कथित तौर पर कुणाल कामरा का स्टैंड-अप शो शूट किया गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने होटल में लगे पोस्टर और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया।

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शिंदे गुट के नेता राहुल कनाल समेत 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

कुणाल कामरा पर भी दर्ज हुई FIR
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल की शिकायत पर मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में कुणाल कामरा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 353(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज हुआ है।

शिवसेना के नेताओं का कहना है कि कामरा ने यह वीडियो जानबूझकर बनाया और इसका मकसद एकनाथ शिंदे की छवि खराब करना था। वहीं, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता आदित्य ठाकरे और संजय राउत ने इस पूरे विवाद में कामरा का समर्थन किया है और राज्य सरकार पर हमला बोला है।

शिवसेना सांसद की चेतावनी – ‘भारत से भागना पड़ेगा’
शिवसेना सांसद नरेश म्हास्के ने एक वीडियो संदेश जारी कर कुणाल कामरा को धमकी दी है। उन्होंने कहा, “आपको भारत से भागने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। अब पूरे देश में शिवसेना कार्यकर्ता आपका पीछा करेंगे।”

म्हास्के ने आरोप लगाया कि कामरा को उद्धव ठाकरे से पैसे मिले हैं और वे शिंदे के खिलाफ प्रोपेगेंडा चला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उद्धव ठाकरे की पार्टी कमजोर हो चुकी है और इसी वजह से वह स्टैंड-अप कॉमेडियन का सहारा ले रही है।

संजय राउत और उद्धव गुट का समर्थन
शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने कुणाल कामरा के समर्थन में ट्वीट करते हुए लिखा, “कुणाल का कमाल। शिंदे गुट के लोग एक पैरोडी से डर गए।”

राउत ने इस पूरे मामले को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला बताया और कहा कि सरकार आलोचना बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने शिंदे गुट पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में रहने वाले नेताओं को मजाक का सामना करने की हिम्मत रखनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। कुछ लोग कुणाल कामरा के समर्थन में हैं और इसे उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग इसे मर्यादा का उल्लंघन मान रहे हैं।

हालांकि, यह पहला मौका नहीं है जब कुणाल कामरा किसी विवाद में फंसे हैं। इससे पहले भी वह अपने राजनीतिक व्यंग्य और टिप्पणियों को लेकर कई बार चर्चा में रह चुके हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है और सरकार इस विवाद को कैसे संभालती है।

Share post:

Popular

More like this
Related