
देहरादून, 21 अगस्त 2021
उत्तराखंड में पर्यटक स्थलों और पवित्र तीर्थ धामों पर हुडदंग मचाने वाले यात्रियों को काबू करने के लिए जारी उत्तराखंड पुलिस के मिशन मर्यादा अभियान के तहत एक माह में 10 हजार से अधिक लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। पुलिस ने आगे भी इस मामले में सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।
पर्यटक स्थलों और हरिद्वार हर की पैड़ी जैसे पवित्र स्थलों पर हुडदंग की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने 15 जुलाई से मिशन मर्यादा शुरू किया था। इस विशेष अभियान के तहत खासकर गंगा किनारों पर हुड़दंग और नशा करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने के साथ ही उनके चालान करने के निर्देश दिए गए थे।
डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि बीते एक महीने में विशेष अभियान के तहत प्रदेश भर में कुल 10475 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें से 1870 को गिरफ्तार भी किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुल 19 लाख 50 हजार 480 रुपए का जुर्माना वसूला गया। डीजीपी ने बताया कि हुडदंगियों का खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।







