अफगानिस्तान की ऐतिहासिक जीत, काबुल में मना दीवाली जैसा जश्न, जमकर फोड़े पटाखे

काबुल: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अफगानिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते हुए इंग्लैंड को 8 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई, जबकि अफगानिस्तान ने अपनी पहली जीत दर्ज की। इस ऐतिहासिक जीत का जश्न काबुल की सड़कों पर देखने को मिला, जहां फैंस ने आतिशबाजी और रैलियां निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया।

ऐतिहासिक जीत पर जश्न में डूबा अफगानिस्तान
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 325 रन बनाए। इब्राहिम जादरान ने 177 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने 40 और अज्मतुल्लाह ओमरजाई ने 41 रन जोड़े। जवाब में इंग्लैंड ने जो रूट के शतक के दम पर 287 रन बना लिए थे, लेकिन अंत में अफगानी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर मैच पलट दिया। आखिरी ओवर में ओमरजाई ने 13 रन बचाते हुए इंग्लैंड की हार सुनिश्चित कर दी।

काबुल में मनी ‘दीवाली’, फैंस ने सड़कों पर मनाया जश्न
अफगानिस्तान की इस जीत के बाद काबुल में फैंस का जोश देखते ही बना। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फैंस पटाखे फोड़ते, आग जलाते और बाइक स्टंट करते नजर आए। हजारों लोगों ने सड़कों पर रैली निकाली और झूमकर नाचे। इस जश्न ने पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

पहले भी कर चुका है बड़ा उलटफेर
अफगानिस्तान ने हाल के वर्षों में कई बड़े उलटफेर किए हैं। वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी उसने इंग्लैंड को हराकर चौंका दिया था। अब चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में एक और जीत दर्ज कर उसने यह साबित कर दिया कि वह किसी भी टीम को टक्कर दे सकता है। इस जीत के बाद अफगानिस्तान की टीम के आत्मविश्वास में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है और वह आगे के मुकाबलों में और भी मजबूती से उतरने को तैयार है।

Share post:

Popular

More like this
Related