उत्तराखंड, 12 मई 2021
उत्तराखंड के सीमांत जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात व घाटी वाले क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि हुई है। बारिश से मुनस्यारी जौलजीबी सड़क ब्लाधार में बंद हो गई है। भारी चट्टान आने से सड़क में कई वाहन फंस गए हैं। भारत चीन सीमा से सटे बुंदी में भारी बारिश से सेना व स्थानीय लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। तवाघाट एनएच भी तपोवन में नाले के उफान में आने से कई घंटे बंद रहा। बाद में किसी तरह यातायात बहाल हो सका।
बुधवार को मुनस्यारी के उच्च हिमालयी क्षेत्र पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार सहित कई जगह बर्फबारी हुई। मानसरोवर यात्रा मार्ग में भी हिमपात हुआ। बुंदी क्षेत्र में भारी बारिश से सड़क बंद है। इससे सेना के साथ स्थानीय लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। जौलजीबी मुनस्यारी सड़क व्यालधार में बंद है। जिससे इस सड़क में 20 से अधिक वाहन फंसे हुए है। टनकपुर तवाघाट एनएच में भी तपोवन में नाले के उफना जाने से घंटों यातायात प्रभावित रहा। जिला मुख्यालय में भी भारी बारिश हुई। जनपद के कई हिस्सों में जमकर ओलावृष्टि से फसलों व फलों को नुकसान पहुंचा है। कनालीछीना, थल में आधे इंच से अधिक ओलों ने यहां काफी देर जन जीवन को भी प्रभावित किया।
थल में भी बारिश का पानी सड़कों पर बहने से परेशान रहे लोग
थल। यहां तेजी बारिश के बाद नालियों का पानी सड़कों में बहने से लोग परेशान रहे। आए दिन बारिश से लोगों को मुश्किल हो रही है। क्षेत्र के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई है।
कनालीछीना में हुई भारी ओलावृष्टि
कनालीछीना में भारी ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पढ़ा। क्षेत्र में फसलों व फलों को भी भारी नुकसान हुआ है।
झूलाघाट में अंधढ़ से परेशान रहे लोग
तेज बारिश से पहले क्षेत्र में अंधढ़ के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पढ़ी। सीमांत में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को दिक्कत हुई। ओलावृष्टि से भी क्षेत्र के किसानों को खासा नुकसान हुआ है।