नई दिल्ली, 6 जून 2021

भारत आने से बचने के लिए भगोड़ा हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी रोजाना नई चाल चल रहा है। अब उसने डोमिनिका उच्च न्यायालय के समक्ष हलफनामा दायर किया है। जिसमें दावा किया कि वो कानून का पालन करने वाला नागरिक है। उसने भारत को इसलिए छोड़ा, ताकी वो अमेरिका जाकर अपना इलाज करवा सके। इसके साथ ही जिन मामलों में जांच चल रही है, उसमें उसने खुद अधिकारियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था। साथ ही जब वो भारत से निकला तो उसके खिलाफ देश छोड़कर ना जाने से संबंधित कोई वारंट जारी नहीं हुआ था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक फरार कारोबारी ने इस संबंध में आठ पन्नों का बयान दिया है। जिसमें उसने कहा कि मैंने भारतीय अधिकारियों को मुझसे पूछताछ करने और अन्य चीजों के लिए आमंत्रित किया है। मैं भारतीय एजेंसियों से भाग नहीं रहा हूं, बस इलाज के लिए अमेरिका गया हुआ था। इसके अलावा उसके भारत से निकलते वक्त कोई वारंट नहीं जारी हुआ था, ये सब चीजें देश छोड़ने के बाद हुईं। हालांकि डोमिनिका उच्च न्यायालय ने सुनवाई स्थगित कर दी थी। जिस वजह से टीम भारत वापस लौट आई है।

आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता रखने वाला मेहुल चोकसी डोमिनिका में पकड़ गया था। ये कार्रवाई उस दौरान हुई जब वो एंटीगुआ से क्यूबा भागने की कोशिश कर रहा था। गृह मंत्रालय के मुताबिक वो 2018 से एंटीगुआ में रह रहा है। उसने एंटीगुआ छोड़कर पड़ोसी देश डोमिनिका के लिए नाव ली। डोमिनिका पुलिस ने उसे इसलिए गिरफ्तार किया, क्योंकि उसके खिलाफ इंटरपोल का लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ था। डोमिनिका मीडिया के मुताबिक अगली सुनवाई एक महीने बाद होने की संभावना है। तब तक भगोड़ा व्यापारी डोमिनिका में ही रहेगा।