गया, बिहार के गया से बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले में सेना का एक माइक्रो एयरक्राफ्ट (Micro Aircraft) तकनीकी खराबी आने की वजह से खेत में गिर गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक गया जिले के बोधगया प्रखंड अंतर्गत बगदाहा गांव में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को सेना का माइक्रो एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। एयरक्राफ्ट के दोनों पायलट बाल-बाल बचे। अचानक हुई इस दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्टी हो गई।
गया के ओटीए से भरी थी उड़ान
बताया जाता है कि माइक्रो एयरक्राफ्ट ने गया स्थित सेना के आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) से उड़ान भरी थी। कुछ दूरी पर जान के बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई, जिससे वह खेत में गिर गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद ओटीए का एक दल मौके पर पहुंचकर रेस्कूयू में जुट गया। मरम्मत करने के बाद माइक्रो एयरक्राफ्ट को फिर ओटीए ले जाया गया।
खेत में हुई सुरक्षित क्रैशलैंडिंग
बताया जाता है कि एम102 एयरक्राफ्ट ट्रेनिंग के दौरान अचानक खराब हो गया। इसके बाद पायलट ने उसे गेहूं के खेत में सुरक्षित क्रैशलैंड करा दिया। उसमें दो पायलट सवार थे। दोनों पायलट सुरक्षित हैं। उन्हें सेना के जवान ग्रामीणों की मदद से ओटीए को ले गए।
दुर्घटना की बाबत ओटीए की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार एक माइक्रो एयरक्राफ्ट गेहूं के खेत में अचानक गिर गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर बाद जब लोगों ने मामले को समझा तो इसकी सूचना गया स्थित ओटीए के अधिकारियों की दी। ग्रामीणों का कहना है कि माइक्रो एयरक्राफ्ट के खेत में क्रैश होने की वजह से उनकी फसलों को नुकसान हुआ है। किसान सरकार से मुआवजे की मांग कर रहे हैं।




