गांधीनगर। Gujarat Assembly Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गुजरात के मेहसाणा में रैली को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि इसने गुजरात समेत पूरे देश को बर्बाद कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ही अकेली ऐसी पार्टी है, जिसके लए व्यक्ति से बढ़कर पार्टी और पार्टी से बड़ा देश है। यही हमारी संस्कृति भी है। हम इसी संस्कृति के साथ काम करते हैं। मगर दूसरी तरफ कांग्रेस है। यह पार्टी भाई-भतीजावाद, जातिवाद, संप्रदायवाद और वोट बैंक की राजनीति का मॉडल है। कांग्रेस ने गुजरात समेत पूरे देश को बर्बाद किया है।
जानिए कब है वोटिंग और काउंटिंग
इस बार गुजरात विधानसभा चुनाव में दोनों चरणों के लिए नामांकन का दौर समाप्त हो चुका है। राज्य में पहले चरण की वोटिंग 1 दिसंबर को होगी, जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 5 दिसंबर को होगी। वहीं, मतगणना दोनों चरणों की 8 दिसंबर को होगी। पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया 14 नवंबर अंतिम तारीख थी। दूसरे चरण के लिए नामाकंन प्रक्रिया की अंतिम तारीख 17 नवंबर थी। पहले चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए गजट नोटिफिकेशन 5 नवंबर को और दूसरे चरण की वोटिंग प्रक्रिया के लिए 10 नवंबर को जारी हुआ था। स्क्रूटनी पहले चरण के लिए 15 नवंबर को हुई, जबकि दूसरे चरण के लिए 18 नवंबर की तारीख तय थी। नाम वापसी की अंतिम तारीख पहले चरण के लिए 17 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 21 नवंबर को हुई।




