कानपुर में धर्म परिवर्तन के कथित दबाव से युवक ने की आत्महत्या, शव को सड़क पर रखकर परिजनों का हंगामा, जानिए पूरी कहानी

कानपुर में धर्म परिवर्तन के कथित दबाव से युवक ने की आत्महत्या, शव को सड़क पर रखकर परिजनों का हंगामा, जानिए पूरी कहानी

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर चौकी इलाके में एक युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि युवक पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में था। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

परिवार के अनुसार, युवक 26 जनवरी को अपनी बहन से मिलने लखनऊ जा रहा था, जो वहां पढ़ाई करती है। आरोप है कि चार युवकों ने उसे चारबाग रेलवे स्टेशन पर रोककर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। किसी तरह वह वहां से लौट आया, लेकिन इसके बाद से वह काफी परेशान रहने लगा। घर आने के कुछ समय बाद ही उसने आत्महत्या कर ली।

बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वह कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के दबाव की बात करता नजर आ रहा है।

परिजनों का आरोप, पुलिस पर लापरवाही का दावा

मृतक के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले भी इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते परिवार और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

जांच के लिए दो टीमें गठित

पुलिस ने जांच के लिए दो अलग-अलग टीमें बनाई हैं। एक टीम को लखनऊ भेजा गया है, जो चारबाग रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज में जो भी संदिग्ध सामने आएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share post:

Popular

More like this
Related